फतेहपुर में DM ऑफिस के सामने आत्मदाह की कोशिश:भीम आर्मी अध्यक्ष ने खुद पर डीजल डाला, सुरक्षाकर्मियों ने माचिस छीनकर बचाया
फतेहपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में एक युवक ने DM कार्यालय के सामने अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। दोपहर करीब 1 बजे युवक को आग लगाने से पहले ही कार्यालय में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसके हाथ से माचिस छीन ली और उसे बचा लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। धाता थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर कबरहा गांव निवासी बृजेश कुमार आजाद भीम आर्मी भारत एकता मिशन के खागा विधानसभा अध्यक्ष हैं। जमीन से जुड़े मामले में कार्रवाई नहीं होने से परेशान थे। युवक का आरोप है कि पिछले करीब तीन सालों से वह न्याय के लिए चौकी, थाना और जिले के आला अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। बृजेश कुमार ने आरोप लगाया कि गांव के महेंद्र पटेल ने उसके साथ मारपीट की और 35 हजार रुपये छीन लिए। युवक के मुताबिक आरोपी ने उसे धमकी देते हुए कहा कि वह चाहे जहां चला जाए और डीएम-एसपी के पास शिकायत करे उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। युवक ने बताया कि 2023 में उसके भाई श्याम कुमार की हत्या हो गई थी। इस मामले में मुकदमे की अंतिम गवाही पूरी हो चुकी है और फैसला आना बाकी है। बृजेश का आरोप है कि मुकदमे में समझौता करने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उसने बताया कि इसी विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट भी की गई और उसे अपनी जान का खतरा है। कलेक्ट्रेट परिसर में युवक द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने की सूचना से अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से युवक आग लगाने में सफल नहीं हो सका।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। युवक का कहना है कि लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने और सुनवाई नहीं होने से वह बेहद परेशान हो चुका था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाने की कोशिश की। इसके चलते उसने यह कदम उठाने का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की शिकायत और लगाए गए आरोपों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। --------------------- यह खबर भी पढ़ें… महिला बैंककर्मी से 'IAS बनवाऊंगा' कहने वाला सपा नेता अरेस्ट:कहा था- खूबसूरत हो, सीरत बहुत अच्छी; अलीगढ़ में रिश्तेदार के घर छिपा था मथुरा में महिला बैंककर्मी से ‘CM कोटे से IAS बनवाऊंगा’ कहने वाला सपा नेता राजन अहमद रिजवी गिरफ्तार हो गया है। वह 12 दिनों से फरार था। अलीगढ़ में रिश्तेदार के घर छिपा था। मुखबिर की सूचना पर मथुरा पुलिस ने रविवार को छापा मारकर उसे पकड़ा। पढ़ें पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)