फतेहपुर में सेफ्टी टैंक में उतरे युवक की मौत:शटरिंग निकालते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से गई जान, पुलिस जांच में जुटी

Oct 16, 2026 - 17:52
0
फतेहपुर में सेफ्टी टैंक में उतरे युवक की मौत:शटरिंग निकालते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से गई जान, पुलिस जांच में जुटी
फतेहपुर जनपद के औंग थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ाहार गांव में उस समय मातम पसर गया, जब सेप्टिक टैंक की शटरिंग खोलने गए एक 32 वर्षीय मजदूर की जहरीली गैस की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के मुताबिक, बड़ाहार गांव निवासी अशोक कुमार (32 वर्ष) पुत्र रामविलास पासवान, कानपुर-प्रयागराज हाईवे स्थित एक मकान में बने निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक की शटरिंग खोलने का काम करने गया था। बताया जा रहा है कि सेप्टिक टैंक काफी दिनों से बंद पड़ा हुआ था और ऊपरी ढक्कन ढका हुआ था। शुक्रवार को जैसे ही अशोक शटरिंग निकालने के लिए ढक्कन हटाकर टैंक के भीतर उतरा, उसमें पहले से बनी जहरीली गैस के कारण वह अचानक बेहोश होकर नीचे गिर पड़ा। साथ में मौजूद अन्य साथियों ने आनन-फानन में कड़ी मशक्कत के बाद अशोक को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए औंग के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने उसकी हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, कानपुर ले जाते समय रास्ते में ही अशोक ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया। मृतक अशोक मजदूरी करके ही अपने पूरे परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके पीछे पत्नी राजपति देवी और चार छोटे-छोटे बच्चे—आर्यन (12), अंशु (9), शनि (7) और बेटी लक्ष्मी (5) हैं। पिता की अचानक मौत से बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची औंग थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। औंग थाना प्रभारी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User