फतेहपुर में सीवर लाइन से सड़कें खराब, यातायात ठप:परियोजना से शहर में गड्ढे और जाम

Oct 08, 2026 - 11:37
0
फतेहपुर में सीवर लाइन से सड़कें खराब, यातायात ठप:परियोजना से शहर में गड्ढे और जाम
फतेहपुर शहर को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए जल निगम द्वारा शुरू कराया गया सीवर लाइन निर्माण कार्य अब स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। लगभग 700 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बिछाई जा रही इस सीवर लाइन के चलते शहर का एक बड़ा हिस्सा बदहाली के दौर से गुजर रहा है। ​कार्यदायी संस्था द्वारा सड़कों को खोदकर बड़े-बड़े पाइप तो डाले जा रहे हैं, लेकिन काम पूरा होने के बाद गड्ढों को सिर्फ मिट्टी डालकर छोड़ दिया जा रहा है। उचित समतलीकरण और पक्की पिचिंग न होने के कारण बारिश और वाहनों की आवाजाही से यह मिट्टी धंस रही है, जिससे सड़कों पर गहरे और जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। ​इस अव्यवस्था के कारण शहर का वीआईपी रोड, पटेल नगर, शादीपुर गैस गोदाम रोड, पत्थर कटा और अस्ती रोड समेत लगभग आधा शहर जलभराव और कीचड़ से जूझ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़कों की हालत इतनी खस्ता हो चुकी है कि पैदल चलना भी दूभर है और क्षेत्र की स्थिति नारकीय बन गई है। ​सड़कों पर बने इन बड़े-बड़े गड्ढों की वजह से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आए दिन गाड़ियां इन गड्ढों में फंस जाती हैं, जिससे सड़कों पर घंटों लंबा भीषण जाम लग जाता है। एम्बुलेंस से लेकर स्कूल बसें तक इस जाम में घंटों फंसी रहती हैं, जिससे मरीजों और स्कूली बच्चों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ​जनता का आरोप है कि ठेकेदार और जल निगम के जिम्मेदार अधिकारी मानक के अनुरूप काम नहीं करा रहे हैं। धूल, मिट्टी और गड्ढों से हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पाइप डालने के तुरंत बाद सड़कों की मरम्मत और समतलीकरण का कार्य कराया जाए ताकि शहरवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User