‘प्रदेश महामंत्री’ लिखी कार से कोडीन सिरप बरामद, एक गिरफ्तार:बहराइच में दो मीडिया आईडी कार्ड और मोबाइल मिले, केस दर्ज
बहराइच पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात नशीले सिरप की खेप पकड़ी। रात करीब 11 बजे एक चार पहिया वाहन की तलाशी के दौरान कोडीन युक्त नशीले सिरप की 1,279 शीशियां बरामद हुईं। टीम ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक महिंद्रा XUV500 कार, दो मीडिया आईडी कार्ड और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी मिला। नानपारा का रहने वाला है आरोपी पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान नानपारा निवासी फजले इलाही उर्फ निहाल (23) के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद टीम ने सिरप, कार, मोबाइल फोन और मीडिया आईडी कार्ड सहित अन्य सामान जब्त कर लिया। कार पर लिखा था ‘प्रदेश महामंत्री’ बरामद महिंद्रा XUV500 कार पर ‘प्रदेश महामंत्री, उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय पत्रकार महासंगठन’ लिखा हुआ था। हालांकि, कार पर लिखे पद और आरोपी के संगठन से संबंध के बारे में पुलिस की ओर से कोई अलग जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और औषधि अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह, आरक्षी रविंद्र यादव और आरक्षी विकास सिंह शामिल रहे। एसएसबी की 42वीं वाहिनी की ओर से सहायक कमांडेंट अमित कुमार, आरक्षी सहायक दिनेश कुमार, धीरज सिंह, बजरंग लाल नाई और विनोद कुमार ने कार्रवाई में हिस्सा लिया। औषधि प्रशासन विभाग की ओर से बहराइच के औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण भी संयुक्त टीम में शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)