प्रमीला देवी ने 130 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया:चंदौली में राष्ट्रीय आजीविका मिशन से जुड़कर 8 समूह बनाए
चंदौली जिले के सकलडीहा ब्लॉक क्षेत्र के रेवसां गांव की प्रमीला देवी ने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से मिसाल कायम की है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर उन्होंने पिछले चार वर्षों में आठ स्वयं सहायता समूहों का गठन किया और 130 से अधिक महिलाओं को इनसे जोड़ा। उनके प्रयासों से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। आज समूह से जुड़ी महिलाएं प्रमीला देवी को अपना आदर्श मानती हैं। प्रमीला देवी ने बताया कि चार साल पहले उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी। छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए भी दूसरों के सामने हाथ फैलाना पड़ता था। इसी दौरान वह स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम शुरू किया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें स्वयं सहायता समूहों के कामकाज की जानकारी नहीं थी। इसके लिए उन्हें काफी भटकना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। धीरे-धीरे जानकारी जुटाई और महिलाओं को समूहों से जोड़ना शुरू किया। अपने प्रयासों से उन्होंने मां संतोषी स्वयं सहायता समूह के तहत आठ समूहों का गठन किया, जिनसे 130 से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। प्रमीला देवी ने समूह की महिलाओं को छोटी-छोटी बचत करने के लिए प्रेरित किया। जरूरत पड़ने पर महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने में भी मदद की, जिससे वे अपनी आर्थिक स्थिति सुधार सकें। आज समूह से जुड़ी महिलाएं अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। प्रमीला देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया कि जिस तरह उन्हें फील्ड में काम करने का अवसर दिया गया है, उसी तरह उन्हें एकजुट कर स्थायी व्यवस्था से जोड़ा जाए, ताकि वे और बेहतर तरीके से काम कर सकें और अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)