प्रयागराज में शिकायतों का फर्जी निस्तारण:21 कर्मियों पर कार्रवाई, 51 मामलों की जांच में पकड़ी गई लापरवाही
प्रयागराज की फूलपुर तहसील में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर 21 कर्मचारियों के खिलाफ डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने पिछले तहसील दिवसों में निस्तारित प्रकरणों में से रैंडम आधार पर 51 मामलों की जांच 17 जिला स्तरीय अधिकारियों से कराई। इनमें 24 मामलों में शिकायतकर्ताओं की ओर से असंतोषजनक फीडबैक मिला। इसके बाद संबंधित कर्मचारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि, कारण बताओ नोटिस और स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। जांच में चार कर्मचारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि, 10 को कारण बताओ नोटिस और सात से स्पष्टीकरण मांगने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। कार्रवाई की जद में राजस्व विभाग के लेखपालों के साथ विकास खंड फूलपुर के कर्मचारी और थरवई थाने के उपनिरीक्षक भी आए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजेश कुमार सिंह, मंजरी द्विवेदी, महेंद्र कुमार, शैलेश यादव और राहुल कुमार समेत संबंधित कर्मचारियों के कामकाज की समीक्षा की गई। वहीं, नायब अहमद, कृष्ण चंद्र यादव, कृष्ण मोहन सिंह, रफीक अहमद, विनय कुमार सिंह, अर्चना सिंह, ओम प्रकाश, मोनिका सिंह और संदीप कुमार समेत अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। सात कर्मचारियों से उनके कार्यों के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच के बाद जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर होना चाहिए। असंतोषजनक फीडबैक मिलने वाले मामलों में जवाबदेही तय करते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)