पति-पत्नी के विवाद के बाद युवक ने की आत्महत्या:डाई पीकर फंदे से लटका, नौकरी न मिलने से तनाव में था 32 साल का युवक

Oct 13, 2026 - 16:35
0
पति-पत्नी के विवाद के बाद युवक ने की आत्महत्या:डाई पीकर फंदे से लटका, नौकरी न मिलने से तनाव में था 32 साल का युवक
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के रामादेवी स्थित शक्तिनगर में सोमवार देर रात पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद 32 वर्षीय युवक ने डाई पीने के बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो युवक का शव लटका देखकर उनके होश उड़ गए। पुलिस ने मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम कराया। शक्तिनगर निवासी माधवेंद्र प्रताप सिंह सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल करने का काम करते थे। परिवार में पत्नी रोशनी हैं। बड़े भाई सूरज ने बताया कि माधवेंद्र ने बीएससी और बीएड की पढ़ाई की थी। इसके बावजूद नौकरी नहीं मिलने के कारण वह तनाव में रहते थे। वर्ष 2023 में उनकी शादी हुई थी। दंपती के कोई संतान नहीं थी। परिजनों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। सोमवार देर रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद माधवेंद्र ने डाई पी ली और फिर फंदे से लटक गए। काफी देर तक कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इस पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर माधवेंद्र को फंदे से लटका देखकर परिवार के लोग चीख पड़े। घटना के बाद घर में मातम छा गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि स्वजन से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User