पूर्व कुलपति आचार्य देवेंद्र प्रताप सिंह के आवास पहुंचे रक्षामंत्री:लखनऊ में परिवार से मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित की, डिप्टी सीएम भी मौजद रहे

Oct 16, 2026 - 18:09
0
पूर्व कुलपति आचार्य देवेंद्र प्रताप सिंह के आवास पहुंचे रक्षामंत्री:लखनऊ में परिवार से मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित की, डिप्टी सीएम भी मौजद रहे
लखनऊ में शुक्रवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय सिंह के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने प्रो. संजय सिंह के पिता और लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति आचार्य देवेंद्र प्रताप सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। रक्षामंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह, एमएलसी राम चंद्र प्रधान, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आचार्य के योगदान को याद करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। देखिए 3 तस्वीरें… रक्षामंत्री ने कहा- शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आचार्य देवेंद्र प्रताप सिंह जैसे विद्वान, अनुभवी और समर्पित व्यक्तित्व का निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि आचार्य ने शिक्षा और समाज के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां, विचार और समाज के प्रति समर्पण सदैव याद किए जाएंगे। आचार्य देवेंद्र प्रताप सिंह का 17 सितंबर को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय, अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, इलाहाबाद में कुलपति के रूप में सेवाएं दी थीं। इसके अतिरिक्त वह काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में प्राध्यापक भी रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संघचालक का दायित्व भी निभाया था। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी परिवार से मिले कुलपति आवास पर पहुंचने के दौरान रक्षामंत्री ने वहां स्थित मंदिर में मां भगवती और हनुमान जी के दर्शन किए। शारदीय नवरात्र के अवसर पर उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User