पूर्व सांसद फजलुर्रहमान ने अखिलेश यादव से की मुलाकात:सहारनपुर में 2027 चुनाव की तैयारी, PDA और बूथ रणनीति पर मंथन
सहारनपुर लोकसभा के पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ स्थित जनेश्वर मिश्रा ट्रस्ट में मुलाकात की। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव, पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों और पीडीए समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। पीडीए समाज के मुद्दों को मजबूती से उठाने, जरूरतमंदों की मदद करने और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय एवं मजबूत बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने को चुनावी तैयारियों का अहम हिस्सा बताया गया। पूर्व सांसद हाजी फज़लुर्रहमान और अखिलेश यादव के बीच समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि किसी भी वर्ग को राजनीतिक और सामाजिक रूप से पीछे नहीं रहने दिया जाए तथा उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से प्रमुखता से उठाया जाए। मुलाकात के दौरान सहारनपुर मंडल और जिले की राजनीतिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक स्थिति पर भी चर्चा हुई। सहारनपुर में विभिन्न वर्गों के बीच संवाद और भाईचारा मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को समाजवादी पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर विचार किया गया। पूर्व सांसद हाजी फज़लुर्रहमान ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख में हमेशा खड़े रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। बैठक में मोहम्मद मुस्तफा, रिटायर्ड डीजीपी पंजाब, पूर्व विधायक देवबंद माविया अली, समाजवादी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल भारती, सलीम कुरैशी अलीग, अक्षय मौर्य, भंते आचार्य विनीत, पूर्व डीआईजी राम सलट राम, नरेंद्र कौशिक एडवोकेट और पूर्व सांसद के पीआरओ एवं मीडिया प्रभारी सैयद हस्सान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)