पुष्पक एक्सप्रेस में हमला करने वाले आरोपी की मौत:कानपुर हैलट में तोड़ा दम, आरपीएफ कमांडेंट बोले- मामले की जांच जारी, कोई कर्मी सस्पेंड नहीं
उन्नाव में लखनऊ से कानपुर जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में एक महिला समेत चार यात्रियों पर धारदार हथियार से हमला करने के आरोपी नेपाली युवक की कानपुर के हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार रात उन्नाव रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने उसे हिरासत में लिया था। इसके बाद उसे आरपीएफ पोस्ट की हवालात में रखा गया। देर रात युवक ने कथित तौर पर किसी नुकीली वस्तु से अपने गले पर कई वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हवालात की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। विरोध करने पर यात्रियों पर किया था हमला जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात पुष्पक एक्सप्रेस में सफर कर रहा युवक कथित तौर पर नशे में यात्रियों से गाली-गलौज और अश्लील हरकतें कर रहा था। यात्रियों ने विरोध किया तो उसने ब्लेड जैसी धारदार वस्तु से हमला कर दिया। घटना में एक महिला समेत चार यात्री घायल हो गए। ट्रेन में अचानक हुए हमले से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना देकर मदद मांगी। रात 10:20 बजे उन्नाव स्टेशन पर हिरासत में लिया शिकायत मिलने के बाद मंगलवार रात करीब 10:20 बजे ट्रेन के उन्नाव स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल पुत्र कउदे और पता नेपाल के डॉग जिले के बिजोली टिकरी थाना क्षेत्र का बताया। इसके बाद उसे आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया। हवालात में खुद को घायल किया, हैलट में मौत देर रात अनिल ने कथित तौर पर किसी नुकीली वस्तु से अपने गले पर कई वार कर लिए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरपीएफ स्टाफ उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। इस दौरान उसका भतीजा भी साथ था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बुधवार को कानपुर में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हवालात में नुकीली वस्तु कैसे पहुंची, जांच जारी घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि आरपीएफ की हवालात में आरोपी के पास नुकीली वस्तु कैसे पहुंची और निगरानी के बावजूद वह खुद को गंभीर रूप से घायल करने में कैसे सफल हुआ। इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। आरपीएफ कमांडेंट लखनऊ देवेश शुक्ला ने शुक्रवार को बताया कि मामले की जांच चल रही है। अभी किसी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, सीओ जीआरपी लखनऊ हृकेश यादव ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। प्रकरण की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)