पुतला फूंकने पर पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता:रायबरेली में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर सपा का प्रदर्शन, कई कार्यकर्ता हिरासत में
रायबरेली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और बर्खास्तगी की मांग को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदर्शन किया। डिग्री कॉलेज चौराहे स्थित शहीद चौक पर कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। पुतला छीनने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस ने कई सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन में हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी और जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। राहुल लोधी ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त भाजपा के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग की। वहीं जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी 2 से 8 अक्टूबर तक चरणबद्ध आंदोलन चला रही है। पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से नोकझोंक शहीद चौक पर प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की तो कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। विधायक बोले- निष्पक्षता पर उठ रहे सवाल सपा विधायक राहुल लोधी ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित की जा रही है। उनका दावा है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त भाजपा के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी। 2 से 8 अक्टूबर तक आंदोलन सपा जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश और इंडिया गठबंधन के निर्णय के तहत प्रदेशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर से शुरू हुआ चरणबद्ध आंदोलन 8 अक्टूबर तक चलेगा। जिलाध्यक्ष ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की मांग भी की। गठबंधन के नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के नेताओं के अलावा सपा के जिला स्तरीय पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)