राम महोत्सव में गूंजे श्रीराम के जयकारे:लक्ष्मण-परशुराम संवाद और रासलीला ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर
उत्सव पैलेस, कोसी मंदिर मार्ग स्थित रामलीला मैदान में श्री गोविंद गोपाल लीला संस्थान, वृंदावन के तत्वावधान में आयोजित 'श्री राम महोत्सव' में रविवार को भक्ति और आस्था की अनूठी छटा देखने को मिली। सुबह के समय रासलीला तो रात्रि में लक्ष्मण-परशुराम संवाद और श्रीराम-जानकी विवाह की लीलाओं ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। रविवार सुबह की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी रासलीला से हुई। इसके बाद चैतन्य महाप्रभु की लीला के जरिए हरिनाम संकीर्तन और कृष्ण प्रेम की महिमा प्रस्तुत की गई। वहीं, जगाई-मधाई उद्धार प्रसंग का मंचन कर समाज को क्षमा, करुणा और सद्भाव का विशेष संदेश दिया गया। लक्ष्मण-परशुराम के तीखे संवाद ने भरा रोमांच रात्रि की लीला में सीता स्वयंवर के दौरान भगवान श्रीराम द्वारा शिवधनुष भंग किए जाने का प्रसंग दिखाया गया। धनुष टूटने के बाद महर्षि परशुराम के क्रोधित होकर सभा में पहुंचने और लक्ष्मण के साथ उनके तीखे संवाद ने दर्शकों में भारी रोमांच भर दिया। राम-जानकी विवाह के बाद हुई 'कुंवर कलेवा' की रस्म संवाद के बाद मंच पर लग्न पत्रिका की रस्म अदायगी की गई और श्रीराम-जानकी विवाह का भव्य मंचन संपन्न हुआ। विवाह के उपरांत कुंवर कलेवा की पारंपरिक रस्म प्रस्तुत की गई। इस पावन बेला पर श्रीराम और माता जानकी के जयकारों से पूरा रामलीला परिसर भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)