रावतपुर-कंपनी बाग रोड पर 2 किमी में मुसीबत का सफर:जगह-जगह जलभराव और उखड़ी सड़क, फिसलन का भी खतरा

Oct 06, 2026 - 10:33
0
रावतपुर-कंपनी बाग रोड पर 2 किमी में मुसीबत का सफर:जगह-जगह जलभराव और उखड़ी सड़क, फिसलन का भी खतरा
रावतपुर से कंपनी बाग जाने वाली करीब दो किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क इन दिनों राहगीरों और वाहन सवारों के लिए मुसीबत बनी हुई है। रावतपुर या कंपनी बाग की ओर से सड़क पर प्रवेश करते ही उखड़ी सड़क, बिखरी कंकरीट और धूल स्वागत करती है। आगे बढ़ने पर हालात और खराब हो जाते हैं। जगह-जगह सड़क पर पानी भरा है और इसी पानी के बीच गहरे गड्ढे वाहन सवारों के लिए खतरा बने हुए हैं। दैनिक भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट में दुर्दशा की हकीकत सामने आई। देखें तस्वीरें… पानी से बचने के लिए किनारे से निकल रहे वाहन सड़क के कई हिस्सों में इतना पानी जमा है कि गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल है। दोपहिया वाहन सवार पानी के बीच से निकलने के बजाय सड़क के किनारे से रास्ता बना रहे हैं। लेकिन किनारे की मिट्टी चिकनी होने के कारण वाहन फिसल रहे हैं और चालक अनियंत्रित हो रहे हैं। पानी भरा देख वापस लौट रहे ग्राउंड पर स्थिति यह है कि कई वाहन सवार सड़क पर आने के बाद पानी भरे हिस्से को देखकर आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। ऐसे में उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। रावतपुर से कंपनी बाग पहुंचने के लिए दूसरा रास्ता लेने पर करीब दो से तीन किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ता है। इतना पानी है कि आदमी गिर जाए तो उठना मुश्किल राहगीर शशांक गुप्ता ने कहा कि सड़क का हाल बेहाल है। जगह-जगह इतना पानी भरा है कि कोई व्यक्ति गिर जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क जल्द ठीक होनी चाहिए, क्योंकि हादसा होने पर जिम्मेदारी कौन लेगा। हम तो वापस लौट रहे हैं अमित ने बताया कि सड़क पर घुटने तक पानी भरा हुआ है। गड्ढे दिखाई नहीं देते। कोई वाहन सवार गिर गया तो हाथ-पैर टूटने की नौबत आ सकती है। उन्होंने कहा कि वह सड़क पार करने के बजाय वापस लौट रहे हैं, जिससे उन्हें दो से तीन किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा। मो. दानिश ने कहा कि सड़क बिल्कुल खराब है। पानी के साथ जगह-जगह गड्ढे हैं। ऐसे में वाहन निकालना मुश्किल है। वह भी वापस लौटकर दूसरे रास्ते से जाने को मजबूर हैं। गाड़ी डिस्बैलेंस हुई, गिरते-गिरते बचा शुभम श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क पर पानी और गड्ढों के कारण वाहन चलाना बेहद मुश्किल है। उनकी गाड़ी भी पानी भरे हिस्से में डिस्बैलेंस हो गई और वह गिरते-गिरते बचे। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन सवारों के लिए यहां सबसे ज्यादा खतरा है। अधिकारी एक बार अपनी गाड़ी छोड़कर इस सड़क से निकलें सुशांत ने सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारियों को एक बार अपनी गाड़ी छोड़कर पैदल इस सड़क से निकलकर देखना चाहिए। तब उन्हें पता चलेगा कि आम लोगों को रोज किस परेशानी से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि छह महीने बाद चुनाव आएगा तो सभी नेता घरों से निकलेंगे, लेकिन तब तक आम लोग इसी सड़क पर परेशानी झेलते रहेंगे। हर कुछ कदम पर परेशानी रावतपुर और कंपनी बाग के बीच यह सड़क आसपास के लोगों के लिए सीधा और सुविधाजनक रास्ता है। लेकिन जर्जर सड़क, धूल, कंकरीट, गड्ढों और जलभराव ने इसे जोखिम भरा बना दिया है। खासकर बारिश या पानी जमा होने के बाद सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है। लोगों की मांग है कि सड़क की सिर्फ खानापूर्ति वाली मरम्मत के बजाय जलभराव की समस्या दूर करते हुए सड़क को पूरी तरह दुरुस्त कराया जाए, ताकि करीब दो किलोमीटर के इस रास्ते से रोज गुजरने वाले लोगों को राहत मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User