रजबन की रामलीला में इस बार हवा में उड़ेंगे हनुमान:मेरठ में 11 अक्टूबर से मंचन, संजीवनी बूटी वाले प्रसंग में दिखेगा खास तकनीकी प्रदर्शन

Oct 04, 2026 - 16:08
0
रजबन की रामलीला में इस बार हवा में उड़ेंगे हनुमान:मेरठ में 11 अक्टूबर से मंचन, संजीवनी बूटी वाले प्रसंग में दिखेगा खास तकनीकी प्रदर्शन
मेरठ में रविवार को श्री रामलीला कमेटी रजबन बाजार की ओर से रामलीला मंचन के लिए भूमि पूजन किया गया। राधा कृष्ण मंदिर में मंत्रोच्चारण के बीच पंडित अंकित त्रिपाठी ने विधि-विधान से पूजा कराई। भूमि पूजन के बाद हवन किया गया और रामलीला में रखे जाने वाले दंड की पूजा कर उसे स्थापित किया गया। कमेटी ने इसके साथ ही 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली रामलीला की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस बार रामलीला में हनुमान के हवा में उड़ने, विशालकाय ताड़का और भव्य आतिशबाजी जैसे आकर्षण रहेंगे। 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें खास प्रस्तुतियां और आतिशबाजी होगी। संजीवनी बूटी लेकर हवा में उड़ेंगे हनुमान कमेटी के अध्यक्ष राजेश यादव और मुख्य संयोजक सुधीर रस्तोगी ने बताया कि 11 अक्टूबर से रामलीला का मंचन शुरू होगा। इस बार दर्शकों के लिए कई विशेष आकर्षण तैयार किए गए हैं। लक्ष्मण के मूर्छित होने के बाद हनुमान के संजीवनी बूटी लेकर लौटने वाले प्रसंग को विशेष तकनीक के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें हनुमान हवा में उड़ते नजर आएंगे। कमेटी की ओर से इस दृश्य को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। इस बार रामलीला में ताड़का का स्वरूप भी पहले से काफी बड़ा रखा जाएगा। विशालकाय ताड़का का मंचन दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा। प्रमुख प्रसंगों को आधुनिक मंचीय तकनीक के साथ प्रस्तुत करने की तैयारी है। दशहरा पर होगी भव्य आतिशबाजी मुख्य संयोजक सुधीर रस्तोगी ने बताया कि रजबन की रामलीला में आतिशबाजी भी खास आकर्षण रहती है। इस बार भी मंचन के साथ भव्य आतिशबाजी की तैयारी की गई है। 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव के दौरान आतिशबाजी का विशेष आयोजन होगा। भूमि पूजन और हवन के बाद रामलीला में रखे जाने वाले दंड की पूजा की गई। इसके बाद कमेटी के लोग दंड लेकर क्षेत्र में निकले और रामलीला के आयोजन की तैयारियों में जुट गए। भूमि पूजन में ये लोग रहे मौजूद कार्यक्रम में कृष्ण शर्मा, शिप्रा रस्तोगी, अभिषेक शर्मा, सुनील कनौजिया, श्याम मदन, सुधीर भटनागर, रजनीश यादव, शेर सिंह गुप्ता, सतीश यादव उर्फ सत्ते भाई, दुर्गा कनौजिया, दिनेश चौहान और अरुण ठाकुर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User