सांप से डसाने वाली हत्यारी पत्नी की लव स्टोरी:दाल-चावल खिलाकर अमरदीप के करीब आई, वीडियो कॉल पर चोट दिखाकर बोली- पति बेरहम है

Oct 16, 2026 - 17:52
0
सांप से डसाने वाली हत्यारी पत्नी की लव स्टोरी:दाल-चावल खिलाकर अमरदीप के करीब आई, वीडियो कॉल पर चोट दिखाकर बोली- पति बेरहम है
मेरठ में पति की हत्या करके सांप से डसवाने वाली रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। अमित की हत्या से 6 महीने पहले 3 बच्चों की मां रविता की मुलाकात अमरदीप से हुई थी। अमित ने दोस्त अमरदीप को घर पर खाने के लिए बुलाया था। रविता ने अमरदीप को दाल-चावल खिलाया तो उसका दिल रविता पर आ गया। एक दिन आकर उसने रविता से दिल की बात कह दी। फिर कुछ दिन बाद पर्ची में मोबाइल नंबर लिखकर रविता को थमा दिया। रविता ने वीडियो कॉल कर अमरदीप को अपने शरीर पर पिटाई के जख्म दिखाए। बोली- पति बेरहम है। बहुत पीटता है। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी तो साथ रहने का फैसला किया। लेकिन, इसके लिए अमित की हत्या की प्लानिंग बनाई। हत्या ऐसी करनी थी जिस पर लोगों को शक न हो। इसलिए सांप से डसवाने की प्लानिंग की। अमरदीप और रविता पहली बार कहां मिले, कैसे उनका अफेयर अमित के सामने खुला, कब कत्ल की प्लानिंग की? इसे लेकर दैनिक भास्कर ने केस से जुड़े पुलिस अधिकारियों से बात की। पढ़िए रिपोर्ट… पहली मुलाकात खाने पर हुई, पर्ची में प्रेमी ने मोबाइल नंबर दिया पुलिस कस्टडी में अमरदीप और रविता ने अपनी-अपनी कहानी सुनाई थी। पकड़े जाने के बाद अलग-अलग कमरों में हुई पूछताछ में दोनों की लव स्टोरी सिर्फ 6 महीने पुरानी सामने आई थी। सवाल ये उठा कि ऐसा क्या हुआ कि इतने कम समय में दोनों ने अमित को मारने की प्लानिंग कर डाली। अमरदीप ने कहा- करीब 1 साल पहले अमित से एक साइट पर मुलाकात हुई थी। साथ में काम करते थे, तो दोस्त बन गए। ये बात अक्टूबर, 2024 की है। मैंने उससे कहा कि बाजार में अच्छा खाना नहीं मिलता है? तो वह एक दिन मुझे खाना खिलाने के लिए अपने घर ले गया। तब पहली बार मेरी रविता से मुलाकात हुई। दाल-चावल खाकर मैं वापस आ गया, लेकिन रविता को भूल न सका। फिर एक दिन मैं अमित को लेने उसके घर गया, तब दोबारा रविता से मुलाकात हुई। उस दिन मैंने अपने मन की बात रविता से कह दी। उसने कुछ जवाब तो नहीं दिया, लेकिन उसकी आंखों को देखकर लगा कि वह भी तैयार है। मैं डरा हुआ था, इसलिए दोबारा कोशिश नहीं की। इस तरह से एक महीना गुजर गया। फिर एक दिन हमारी बाजार में मुलाकात हो गई। उस दिन मैंने अपना मोबाइल नंबर एक पर्ची पर लिखकर उसको दे दिया। फिर रविता का कॉल आया। हमारे बीच बातचीत शुरू हो गई। रविता ने मुझसे कहा- अमित मुझे पीटता है, वो बेरहम है। संबंध भी ऐसे बनता है, जैसे मैं उसकी पत्नी नहीं हूं। यह सब सुनकर मैं इमोशनल हो गया। उसने वीडियो कॉल करके अपने शरीर की चोटें भी दिखाई। फिर धीरे-धीरे हमने तय कर लिया कि हम शादी करेंगे। मैं अमित की गैरमौजूदगी में उसके घर भी जाने लगा। प्रेमी बोला- 23 मार्च को मुझे अमित ने पीटा, धमकी दी कि मार देगा इस बीच अमित को हमारे अफेयर के बारे में मालूम हो गया। दरअसल, उसने हमें साथ में देख लिया था। इसके बाद उसने रविता को बहुत कुछ कहा। 23 मार्च 2025 को मेरी और अमित की मुलाकात हुई। तब उसने मेरे साथ मारपीट की। मेरे हाथ में 15 टांके लगे थे। इसके बाद अमित ने मेरे पीछे 4-5 लड़के लगा दिए। जो मुझे रास्ते में दिखते थे और एक-दो लड़के मेरे घर भी आए, मुझे बुलाने के लिए। लेकिन, मैं उनके साथ नहीं गया। इसके बाद अमित जहां भी मिलता, धमकी देता कि तुझे मार दूंगा। कहता कि रविता को मार दूंगा, उसे काट दूंगा। इधर, रविता ने मुझे बताया कि अमित उसको परेशान कर रहा है। रोज ही झगड़े हो रहे हैं। तब पहले मैंने रविता से कहा- तुम उसको तलाक दे दो, इसके बाद हम लोग शादी कर लेंगे। मगर अमित इसके लिए तैयार नहीं था। वह अड़ गया कि चाहे कुछ भी हो जाए, मैं तुम्हें तलाक नहीं दूंगा। रविता ने सर्च किया- मर्डर करके पुलिस से कैसे बचें रविता ने कहा- मैं ऐसे अमित को छोड़ नहीं सकती हूं। घर-परिवार भी है, उसको रास्ते से हटाना ही होगा। इसके बाद रविता मोबाइल पर मर्डर करने के तरीके सर्च करने लगी। पुलिस को गूगल सर्च हिस्ट्री में लिखा हुआ मिला कि मर्डर करके पुलिस से कैसे बचे? हत्या करने के आसान तरीके। इसी बीच एक दिन किसी पड़ोसी ने अमित को रविता के अफेयर के बारे में फिर से बताया। इस दिन अमित ने रविता को पीटा। 5 अप्रैल 2025 को रविता की कॉल आई कि तुम एक सांप का बंदोबस्त कर लो। अब अमित को रास्ते से हटाना होगा। इसके बाद अगले 7 दिन, हम दोनों यही सोचते रहे कि कैसे अमित को मारना है। अब हत्या वाली रात 12 अप्रैल को क्या हुआ… निखिल के जरिए सांप का बंदोबस्त हुआ लोगों को शक न हो, इसलिए रविता अमित को लेकर सुबह सहारनपुर में माता शाकंभरी देवी के दर्शन करने चली गई। वहां से वह इंस्टाग्राम पर अपने वीडियो भी पोस्ट करती रही। इधर, अमरदीप सांप का अरेंजमेंट करने में लगा हुआ था। उसने पुलिस को बताया कि मैंने सबसे पहले बहसूमा में रहने वाले राजकुमार नाम के लड़के से बात की। उसने निखिल का नंबर दिया। निखिल ने सपेरे से डील करवाई। सपेरे ने एक हजार रुपए लेकर एक झोले में रखकर सांप दिया। सांप को लेकर घर आ गया। अमित से झगड़ा करके बगल के कमरे में सोने चली गई रविता उधर, जैसा कि तय किया था, सहारनपुर से लौटने के बाद रविता ने अमित से झगड़ा कर लिया। वह बच्चों को लेकर बगल के कमरे में सोने चली गई। रविता ने मुझे कॉल करके कहा- इसने फिर मेरे साथ मारपीट की है। ये मुझे मार ही डालेगा। आज मामला खत्म करना है। तुम सांप लेकर आ जाओ। इसके बाद मैं उसके घर पहुंच गया, जोकि करीब 600 मीटर दूर था। घर में पूरी तरह से सन्नाटा था। हम दोनों अमित के कमरे में गए। अमित गहरी नींद में सोया हुआ था। हमने सांप को झोले से निकालने की कोशिश की, मगर हम डर गए कि कहीं ये हम लोगों का न डस ले। अचानक से कुछ समझ में नहीं आया। फिर हमने तय किया कि अमित के हाथ-पैर पकड़कर उसका गला दबा देते हैं। रविता ने उसके हाथ पकड़े मैंने अमरदीप का गला दबा दिया। वह हाथ-पैर फेंकता रहा, मगर 3 मिनट में उसका शरीर शांत हो गया। फिर सांप को अमित के बगल में रखकर मैं घर से बाहर निकल गया। पूरा मामला कैसे खुला? जानिए बच्चों ने अपने पापा के बेड पर सांप देखा 13 अप्रैल की सुबह रविता का बेटा पापा को उठाने उनके कमरे में गया। देखा तो वहां बिस्तर पर सांप बैठा था। सांप देखकर बेटा चिल्लाने लगा। दूसरे कमरे में सो रही रविता भी अमित के कमरे की तरफ भागती हुई आई। वहां जाकर रोने, चीखने, चिल्लाने का नाटक करने लगी। मौके पर पड़ोसियों की भीड़ लग गई, जब लोगों ने बिस्तर पर जिंदा सांप देखा तो घबरा गए। सभी को लगा कि इसी सांप के डसने से अमित मरा है। लोगों ने सपेरे को बुलवाया किसी तरह सपेरे ने सांप को पकड़ा। मौके पर वनविभाग की टीम भी पहुंची थी। पड़ोसियों, रिश्तेदारों सभी को यकीन हो गया कि सांप ने रातभर अमित को काटा है। उसके शरीर में 10 जगह सांप काटे के निशान मिले, लेकिन अमित के चाचा को कुछ शक हो गया। उन्होंने कहा कि हम अंतिम संस्कार से पहले पोस्टमॉर्टम कराएंगे। पुलिस को बुलाया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होना सामने आया। शरीर में जहर की बात क्लियर नहीं हुई। अब पुलिस ने रविता से पूछताछ शुरू की। रविता ने 5 घंटे पूछताछ करने के बाद सच बताया। अमरदीप का नाम सामने आने के बाद उसको भी अरेस्ट किया गया। रविता ने कहा था- अमित मुझे पीटता है, कहता है- वैश्या बना देगा रविता ने पुलिस से कहा था- अमित मुझे पीटता है। मेरा अफेयर सामने आने के बाद धमकाता था कि तुझसे धंधा करवाऊंगा। मैं क्या करती। अमित ने ही मेरी अमरदीप से बात कराई थी। अमित मुझे बहुत पीटता था, उसने कहा था कि वो मुझे मार डालेगा। वो मुझे वैश्या बनाना चाहता था। तब मैंने अमरदीप के साथ मिलकर उसको मारने की योजना बनाई। वो सांप लेकर आया। मैंने अमित के हाथ पकड़े, मुंह दबाया और उसका गला अमरदीप ने दबाया। इसके बाद हमने उसकी लाश के नीचे सांप रख दिया। फिर अमरदीप अपने घर चला गया। --------------------------------------- ये खबर भी पढ़िए- पति की हत्या कर सांप छोड़ने वाली रविता को सजा-ए-मौत: प्रेमी को भी फांसी होगी, मेरठ में 3 दिन में 4 को मौत की सजा पति की हत्या करके सांप से डसवाने वाली रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को वारदात के 547 दिन बाद मेरठ जिला कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। शुक्रवार को सजा सुनाने से पहले कोर्ट ने रविता और अमरदीप का पक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुना। जज ने दोनों से पूछा- तुम दोनों को हत्या का दोषी ठहराया गया है। क्या सजा चाहते हो? पढ़ें पूरी खबर...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User