शामली में लायंस क्लब के डांडिया रास में झूमे शहरवासी:क्लब के रजत उत्सव पर दो दिन चला आयोजन, आधी रात तक रहा उल्लास
शामली में दिल्ली रोड स्थित सिटी ग्रीन बैंक्वेट हॉल में लायंस क्लब शामली क्राउन की ओर से क्लब के रजत उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय डांडिया रास-2026 में शहरवासी जमकर झूमे। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे महिला-पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने डांडिया की धुनों पर नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। दूसरे दिन मंगलवार रात 12 बजे तक उल्लास का माहौल रहा। मां दुर्गा की आराधना और पारंपरिक लोकनृत्य ने कार्यक्रम को खास बना दिया। कार्यक्रम में युगल नृत्य, मां-बेटी नृत्य, पारंपरिक वेशभूषा और डांडिया सजावट जैसी श्रेणियों में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। युगल नृत्य में उदित ने प्रस्तुति दी, जबकि पारंपरिक वेशभूषा और डांडिया सजावट में मोहित रस्तोगी ने बाजी मारी। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक आधे घंटे में लकी ड्रॉ निकाले गए। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए गए, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन आदित्य गुप्ता और लायन नवनीत अग्रवाल रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि डांडिया रास अपनी भव्यता, सुव्यवस्थित आयोजन और सांस्कृतिक स्वरूप के कारण विशेष पहचान रखता है। क्लब अध्यक्ष लायन अंकुर गोयल ने कहा कि क्लब सामाजिक सेवा के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए भी काम कर रहा है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों, अतिथियों और शहरवासियों का आभार जताया।
कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट गौरव मित्तल रहे, जबकि मंच संचालन संजय सिंघल ने किया। अतिथियों का स्वागत क्लब अध्यक्ष लायन अंकुर गोयल, कोषाध्यक्ष लायन रुपेश गर्ग और सचिव लायन विजय संगल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में क्लब के सदस्यों ने सहयोग दिया। समापन पर विधि-विधान से मां दुर्गा की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं और शहरवासियों को प्रसाद वितरित किया गया। मां दुर्गा के जयकारों के बीच दो दिवसीय डांडिया रास उत्सव का समापन हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)