शारदीय नवरात्र की नवमी पर भक्तों ने कन्या पूजन किया:मंदिरों में मां का आशीर्वाद लिया, रामनवमी भी धूमधाम से मनी
हरदोई जनपद में महानवमी का त्योहार पूरे हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। सोमावार की सुबह शहर से लेकर कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों तक माता के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने कन्या पूजन कर उन्हें भोजन कराया और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। दूसरी ओर बाजार में दही जलेबी खूब बिकी। लोगों ने दही, जलेबी और घरों में बनाई गई पूड़ी, सब्जी कन्याओं को खिलाकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। सोमवार तड़के से ही शहर के सीतापुर रोड स्थित प्रसिद्ध काली माता मंदिर, सर्कुलर रोड स्थित राम-जानकी मंदिर समेत सभी देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लग गया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने माता रानी के दरबार में शीश झुकाकर विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिरों में घंटा-घड़ियाल की गूंज और जय माता दी के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। गौरतलब है कि नवरात्र की नवमी को रामनवमी के रूप में भी मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्म अयोध्या में हुआ था। इसलिए इस दिन का विशेष महत्व है। भक्त एक तरफ जहां शक्ति स्वरूपा मां सिद्धिदात्री की पूजा करते हैं, वहीं दूसरी तरफ राम जन्मोत्सव भी धूमधाम से मनाते हैं। कई मंदिरों में रामचरितमानस का पाठ और भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ। त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। सभी प्रमुख मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। कुल मिलाकर नवमी का पर्व जिले में शांतिपूर्ण और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)