सहारनपुर में अवैध हथियारों के साथ बाप-बेटा अरेस्ट:मेरठ एसटीएफ ने 32 लाख कैश और 111 कारतूस बरामद, चार बंदूकें, तीन मोबाइल और बिना नंबर की वैन्यू कार जब्त

Oct 10, 2026 - 17:37
0
सहारनपुर में अवैध हथियारों के साथ बाप-बेटा अरेस्ट:मेरठ एसटीएफ ने 32 लाख कैश और 111 कारतूस बरामद, चार बंदूकें, तीन मोबाइल और बिना नंबर की वैन्यू कार जब्त
सहारनपुर के थाना मिर्जापुर पुलिस और एसटीएफ मेरठ की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी और बिक्री करने वाले गिरोह के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मिर्जापुर पोल निवासी हसन और उसके बेटे अहतशाम के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 12 बोर की चार डबल बैरल बंदूकें, 111 जिंदा कारतूस, 32 लाख रुपए नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा गहरे नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली वैन्यू कार भी जब्त की गई है। पुलिस ने कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। खारा पावर हाउस के पास से पकड़े गए पिता-पुत्र पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर खारा पावर हाउस के पास चेकिंग की। सुबह करीब 5:40 बजे पुलिस ने हसन और अहतशाम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अवैध हथियारों की तस्करी और बिक्री करने वाले गिरोह से जुड़े हैं। इनके कब्जे से हथियार, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन और कार बरामद की गई है। चार बंदूकें और 111 जिंदा कारतूस बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 बोर की चार डबल बैरल बंदूकें बरामद की हैं। इन पर अलग-अलग कंपनियों और प्रतिष्ठानों के नाम अंकित हैं। एक बंदूक पर बीएसए कॉर्प सुपीरियर, दूसरी पर एनवाईए कश्मीर सिंडिकेट और दो बंदूकों पर भाटी एंड कंपनी लिखा है। इनमें से एक बंदूक पर 009 और दूसरी पर 1.1.2012 अंकित है। इसके अलावा 12 बोर के 111 जिंदा कारतूस मिले हैं। इनमें 10 कारतूस पर शक्तिमान एक्सप्रेस और 101 कारतूस पर वेलोसिटी 70 एमएम सुपर मैग्ना इन इंडिया लिखा है। पुलिस बरामद हथियारों और कारतूसों के संबंध में जांच कर रही है। ट्रॉली बैग से मिलीं 32 लाख रुपए की नकदी पुलिस को आरोपियों के पास से एक ट्रॉली बैग भी मिला। बैग में कत्थई और सफेद रंग की टीशर्ट और ग्रे रंग का लोअर रखा था। इसी बैग से 500 रुपए के नोटों की 64 गड्डियां बरामद हुईं। प्रत्येक गड्डी में 100 नोट थे। इस तरह कुल नकदी 32 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने नकदी को कब्जे में लेकर उसके स्रोत की जांच शुरू कर दी है। तीन मोबाइल फोन और वैन्यू कार जब्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग का आईफोन, एक हरे रंग का मोटोरोला फोन और एक ग्रे रंग का आईफोन बरामद किया। इसके साथ ही गहरे नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली वैन्यू कार भी कब्जे में ली गई। पुलिस ने कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। पहले गिरफ्तार हो चुके हैं तीन आरोपी पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर को मिर्जापुर पुलिस और एसटीएफ मेरठ की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर इसी गिरोह के तीन आरोपियों को अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में थाना मिर्जापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। जांच के दौरान हसन और अहतशाम के नाम सामने आए थे। दोनों इस मामले में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने अब दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। नकदी के स्रोत और गिरोह के अन्य सदस्यों की जांच पुलिस अब बरामद 32 लाख रुपए के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही हथियारों की खरीद-फरोख्त, तस्करी के नेटवर्क और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User