सहारनपुर में BP की दवा में बेटे को जहर दिया:कोर्ट के आदेश पर पत्नी समेत 4 पर हत्या में FIR, संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी

Oct 15, 2026 - 05:54
0
सहारनपुर में BP की दवा में बेटे को जहर दिया:कोर्ट के आदेश पर पत्नी समेत 4 पर हत्या में FIR, संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी
सहारनपुर में कुतुबशेर थाना क्षेत्र की नदीम कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति को ब्लड प्रेशर की दवा में जहर देकर जान से मारने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के 72 वर्षीय पिता ने अपनी बहू समेत चार लोगों पर बेटे की संपत्ति हड़पने के लिए साजिश रचने और जहर देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल में भर्ती बेटे को देखने पहुंचे दो युवकों ने भी प्लॉट अपनी बहन के नाम करने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी। पिता ने पहले कुतुबशेर थाने और फिर एसएसपी से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर कुतुबशेर थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मंडी जाने की तैयारी कर रहा था मुर्तजा, दवा लेने के बाद बिगड़ी हालत नकुड़ थाना क्षेत्र के अंबेहटा पीर के मोहल्ला कोटला निवासी सईद ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका बेटा मुर्तजा नदीम कॉलोनी में मेला गुघाल के पास अपनी पत्नी फरहाना उर्फ रानी के साथ किराये पर रहता है। आरोप है कि फरहाना की नजर मुर्तजा की संपत्ति पर है और इसी वजह से वह उसे अपने नाम प्लॉट कराने के लिए दबाव बनाती थी। शिकायत के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की सुबह करीब छह बजे मुर्तजा मंडी में काम पर जाने के लिए तैयार हो रहा था। उसने अपनी पत्नी से ब्लड प्रेशर की दवा मांगी। आरोप है कि पत्नी ने दवा में जहर मिलाकर उसे दे दिया। दवा लेने के बाद मुर्तजा की हालत धीरे-धीरे बिगड़ने लगी और वह बेहोशी की स्थिति में पहुंच गया। तकिया रखकर मुंह दबाने की कोशिश का आरोप सईद के मुताबिक, मुर्तजा की हालत बिगड़ने पर उसकी पत्नी ने उसके मुंह पर तकिया रखकर दबाने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान पत्नी ने कहा कि जहर उसकी बहन खीली लेकर आई थी। साथ ही प्लॉट अपने नाम नहीं करने की बात कहते हुए संपत्ति को लेकर धमकी दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुर्तजा ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके बाद दोनों बहनें उसे कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर चली गईं। गंभीर हालत में होने के बावजूद मुर्तजा ने हिम्मत करके अपने छोटे भाई आसिफ को फोन किया और बताया कि दोनों बहनों ने ब्लड प्रेशर की दवा में जहर दे दिया है। उसने यह भी बताया कि उसे कमरे में बंद कर दिया गया है और उसकी हालत लगातार खराब हो रही है। पुलिस के साथ कमरे पर पहुंचे परिजन फोन पर सूचना मिलने के बाद सईद अपने बेटों आसिफ, तौफीक और आरिफ के साथ नदीम कॉलोनी पहुंचे। शिकायत के अनुसार, परिजन मेला गुघाल के पास चौकी से पुलिसकर्मियों को साथ लेकर मुर्तजा के कमरे पर पहुंचे। इसके बाद उसे जनकपुरी चौक स्थित ग्राफिक मल्टीस्पेशलिस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिता का कहना है कि अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मुर्तजा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज, शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन में रेफर कर दिया। शिकायत में बताया गया कि मुर्तजा की हालत गंभीर थी और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था। अस्पताल में पहुंचे दो युवक, प्लॉट नाम करने का दबाव बनाने का आरोप सईद ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन ही उन्होंने कुतुबशेर थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद शाम को आरोपी पक्ष के दो युवक शाहरुख और हैदर मुर्तजा को देखने के बहाने अस्पताल पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, दोनों ने पिता के सामने ही मुर्तजा को धमकी दी कि सभी प्लॉट उनकी बहन के नाम कर दे। आरोप है कि उन्होंने ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पिता का कहना है कि आरोपियों की नजर मुर्तजा की संपत्ति पर है और इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की कोशिश की गई। सईद ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में दावा किया कि अस्पताल में भर्ती होने से पहले उनके बेटे ने अपने मोबाइल फोन से एक वीडियो बनाया था। उनके अनुसार, वीडियो में आरोपियों द्वारा जहर देने से संबंधित बातें दर्ज हैं। पिता ने बताया कि बेटे की देखभाल में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल आगे की कार्रवाई नहीं कर सके। इसके बाद 5 सितंबर 2026 को उन्होंने एसएसपी को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी। आरोप है कि वहां से भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। सईद ने कोर्ट को बताया कि घटना के संबंध में थाने में पहले कोई मुकदमा दर्ज नहीं था और वह निजी तौर पर मुकदमा लड़ने में असमर्थ हैं। उन्होंने मामले को संज्ञेय अपराध बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराकर विवेचना कराने की मांग की। पत्नी समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज सईद की शिकायत में उनकी बहू फरहाना उर्फ रानी, फरहाना की बहन खीली और दो युवकों शाहरुख व हैदर को आरोपी बनाया गया है। कोर्ट के आदेश पर कुतुबशेर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User