सहारनपुर में डेंगू के 5 मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट:जिला अस्पताल में 11 वार्ड और पेरिफेरी में बेड आरक्षित, CMO ने दी जानकारी
सहारनपुर में डेंगू के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। गुरुवार सुबह 11 बजे सीएमओ डॉ. शेर सिंह गक्खड़ ने बताया कि जिले में अब तक डेंगू के पांच मरीजों की पुष्टि हुई है। सभी मरीज स्वस्थ हैं और उनका उपचार किया जा रहा है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में इलाज और जांच की व्यवस्थाएं पहले से तैयार कर ली हैं। सीएमओ ने बताया कि जिला अस्पताल के साथ ही पेरिफेरी के स्वास्थ्य केंद्रों पर बुखार से संबंधित मरीजों के लिए अलग ओपीडी की व्यवस्था की गई है। मरीजों की जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा पेरिफेरी के अस्पतालों में चार-चार बेड डेंगू और बुखार के मरीजों के लिए आरक्षित किए गए हैं। जिला अस्पताल में भी जरूरत पड़ने पर मरीजों को भर्ती करने के लिए 11 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। सीएमओ के मुताबिक अभी जिले में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रख रहा है। उन्होंने लोगों से डेंगू से बचाव के लिए अपने घर और आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि घरों या आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। कूड़ा या गंदगी दिखाई देने पर संबंधित सफाई कर्मचारी या स्थानीय निकाय को इसकी सूचना दें। लोगों से यह भी कहा गया कि यदि संभव हो तो समूह बनाकर अपने आसपास सफाई अभियान चलाएं। सीएमओ ने बताया कि डेंगू से बचाव में सबसे अहम भूमिका लोगों की सतर्कता की है। मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को खत्म कर बीमारी के फैलाव को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को लगातार बुखार आता है या डेंगू जैसे लक्षण दिखाई देते हैं तो वह नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू से संबंधित जांच की सुविधा उपलब्ध है और मरीजों को ये सेवाएं निशुल्क दी जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बिना घबराए समय पर जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)