सहारनपुर में घर-दुकान में चोरी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार:टैबलेट, नकदी, पेंट के डिब्बे और अंगूठी समेत सामान बरामद

Oct 09, 2026 - 20:45
0
सहारनपुर में घर-दुकान में चोरी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार:टैबलेट, नकदी, पेंट के डिब्बे और अंगूठी समेत सामान बरामद
सहारनपुर के जनकपुरी थाना क्षेत्र में घर और दुकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार शाम चार बजे गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1000 रुपये नकद, रेडमी टैबलेट, चांदी जैसी सफेद धातु की पाजेब, अंगूठी, पेंट का डिब्बा, बिजली की डोरी का बंडल और प्राइमर के दो डिब्बे बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रिंकू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 की रात जनता रोड खुर्द अड्डे के पास चोरों ने एक मकान और उसके बराबर स्थित दुकान में चोरी की थी। मकान मालिक मोहम्मद आसिफ निवासी महेश्वरी कलां, थाना चिलकाना ने पुलिस को बताया कि चोर घर से नकदी, अंगूठी और रेडमी कंपनी का टैबलेट ले गए। वहीं, दुकान मालिक मुराद पुत्र इमरान निवासी गांव संभालका जुनारदार की दुकान से पेंट के डिब्बे, बिजली की डोरी के बंडल और अन्य सामान चोरी किया गया था। मामले में जनकपुरी थाने पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी अभिनंदन सिंह ने पुलिस को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार चीमा के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए रिंकू निवासी धोबीघाट थाना मंडी, आर्यन कुमार और शंकर कश्यप निवासी हनुमान नगर थाना कोतवाली देहात, आयुष उर्फ खुजली निवासी हनुमान नगर क्षेत्र, लवी गौतम निवासी हनुमान नगर और अक्षय निवासी सुपर विहार को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 1000 रुपये नकद, नीले रंग का रेडमी पैड-2 टैबलेट, सफेद धातु की पाजेब और अंगूठी, बिरला ओपस कंपनी के रंग का एक डिब्बा, बिजली की डोरी का बंडल और बर्जर रेड ऑक्साइड प्राइमर के दो डिब्बे बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी रिंकू के खिलाफ सहारनपुर के नगर कोतवाली और मंडी थाने में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत चार मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि सभी छह आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User