शिक्षक नेता के भतीजे का हत्यारोपी पुलिसकर्मी प्रयागराज से अरेस्ट:दोस्तों के विवाद में मारी थी गोली, पत्नी बोली- आरोपी का एनकाउंटर हो
आगरा के सेवला जाट में शिक्षक नेता के भतीजे बिट्टू लवानिया की हत्या के मामले में आरोपी पुलिसकर्मी जैकी चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सदर पुलिस ने उसे प्रयागराज से पकड़ा। घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की है, जब बिट्टू अपने दोस्तों के साथ ऑटो में बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान बाइक से पहुंचे जैकी ने गोली चला दी। परिजन का कहना है कि बिट्टू का आरोपी से कोई विवाद नहीं था। उनके मुताबिक, जैकी का उसके दोस्तों से झगड़ा हुआ था। गोली लगने के बाद बिट्टू को एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। शनिवार को शव घर पहुंचने पर परिवार में मातम छा गया। पत्नी अभिलाषा ने आरोपी के एनकाउंटर और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। दोस्तों के पास ऑटो में बैठा था बिट्टू, तभी पहुंचा आरोपी बिट्टू के भाई बंटी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे उसके भाई के दोस्त देवा और रवि ढाबे पर आए थे। काम खत्म करने के बाद बिट्टू ऑटो में उनके पास जाकर बैठ गया। दोनों दोस्त कुछ दूरी पर खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान मधुनगर निवासी जैकी चौधरी बाइक से वहां पहुंचा। आरोप है कि वह पैदल ऑटो के पास आया और फायरिंग कर दी। उसने धमकी दी कि बीच में आने वाले को भी गोली मार देगा। इसके बाद वह बाइक लेकर वहां से चला गया। ऑटो में बिट्टू लहूलुहान हालत में पड़ा था। लोगों की मदद से उसे एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। परिवार ने आरोपी के पुलिसकर्मी होने का लगाया था आरोप घटना के बाद परिजन आरोपी के पुलिसकर्मी होने की बात कह रहे थे। हालांकि, शुरुआत में पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही थी। बिट्टू के चाचा जय गोविंद ने आरोप लगाया कि वारदात में इस्तेमाल पिस्टल सर्विस रिवॉल्वर थी। जय गोविंद के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें बताया कि पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है। उन्होंने कहा कि बिट्टू का जैकी से कोई विवाद नहीं था। आरोपी का उसके दोस्तों से विवाद हुआ था, जिसके बाद पहले हवाई फायरिंग की गई और फिर बिट्टू को गोली मार दी गई। परिजन के अनुसार, पोस्टमार्टम में गोली सीने को पार कर निकलने की पुष्टि हुई है। प्रयागराज में तैनात था आरोपी, भाई भी पुलिसकर्मी जय गोविंद ने बताया कि जैकी चौधरी और उसका भाई संतोष चौधरी, दोनों उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं। उनके मुताबिक, जैकी की नौकरी 2011 में लगी थी और वह वर्तमान में प्रयागराज में एक अधिकारी के गनर के तौर पर तैनात था। परिजन का आरोप है कि जैकी अक्सर इलाके में लोगों पर रौब दिखाता था। सदर पुलिस ने उसे प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। पति की मौत से पत्नी बेसुध बिट्टू की मौत के बाद उसकी पत्नी अभिलाषा की हालत खराब है। परिजन के मुताबिक, वह कई बार बेहोश हो चुकी है। उनकी 12 साल की बेटी आरोही है। बिट्टू की मौत के बाद परिवार के भरण-पोषण को लेकर चिंता बढ़ गई है। शनिवार को जब शव घर पहुंचा, तो महिलाओं ने परिवार की मदद को लेकर हंगामा किया। अभिलाषा ने आरोपी का एनकाउंटर करने और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)