शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में प्रचार तेज:मेरठ-सहारनपुर खंड की दोनों सीटों पर नाम वापसी के बाद मैदान में 18 प्रत्याशी
मेरठ-सहारनपुर खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रचार तेज हो गया है। दोनों सीटों पर कुल 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 10 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 8 प्रत्याशी शामिल हैं। सभी प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र के मतदाताओं तक पहुंचने और समर्थन जुटाने में लगे हैं। भाजपा और सपा के प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी प्रचार में पूरी ताकत लगा रहे हैं। प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को उठाकर मतदाताओं को भरोसा दिलाने में जुटे हैं। कोई शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की पैरवी करने का दावा कर रहा है, तो कोई स्नातक मतदाताओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कह रहा है। प्रत्याशी मतदाताओं के बीच पहुंचकर अपनी प्राथमिकताएं बता रहे हैं और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। स्नातक सीट पर आठ प्रत्याशी मैदान में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के दिनेश गोयल और सपा के प्रमेंद्र सिंह के बीच मुकाबला है। इनके अलावा अमित कुमार जैन, दुष्यंत, मोहम्मद अकरम रजा, राहुल कुशवाहा, विक्रांत त्यागी और विजय कुमार त्यागी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर कुल 1,28,595 मतदाता हैं। इनके लिए 127 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शिक्षक सीट पर 10 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के श्रीचंद शर्मा और सपा के नितिन कुमार तोमर चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा कुलदीप मलिक, तनुज गंभीर, पंकज कुमार, बाकिर हुसैन, स्वराज पाल, सुशील, डॉ. सुशील कुमार पुंडीर और हरकेश सिंह निर्दलीय प्रत्याशी हैं। इस सीट पर 64,525 मतदाता हैं। मतदान के लिए 121 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। 23 अक्टूबर को होगा मतदान दोनों सीटों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक संपन्न कराई जानी है। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)