श्रावस्ती में 101 थालों से कन्याओं ने की महाआरती:शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर गूंजे दुर्गा पंडाल, मां महागौरी की हुई पूजा

Oct 19, 2026 - 08:25
0
श्रावस्ती में 101 थालों से कन्याओं ने की महाआरती:शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर गूंजे दुर्गा पंडाल, मां महागौरी की हुई पूजा
श्रावस्ती। शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर रविवार को जिलेभर में मां महागौरी की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्ति के साथ की गई। दुर्गा पूजा पंडालों में सुबह से ही पूजन-अर्चन का सिलसिला चलता रहा। शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। रात करीब नौ बजे विभिन्न पंडालों में महाआरती हुई। इस दौरान भक्ति गीतों, धार्मिक झांकियों और देवी जागरण से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। जमुनहा बाजार में श्री नवदुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित महाआरती विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यहां 101 थालों से कन्याओं ने एक साथ मां दुर्गा की महाआरती की। थालों में दीप प्रज्वलित कर जब कन्याओं ने सामूहिक रूप से आरती गाई, तो पूरा परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा। शंख और घंटियों की ध्वनि से माहौल भक्तिरस में डूब गया। इस दौरान मां दुर्गा को माला और चुनरी भी अर्पित की गई। जिलेभर के अन्य दुर्गा पूजा पंडालों में भी भव्य महा आरती हुई समिति के प्रबंधको ने बताया कि नवरात्रि में कन्याओं को देवी का स्वरूप माना जाता है। इसी मान्यता के तहत कन्याओं के हाथों महाआरती कराई गई। इसके माध्यम से क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। जिले के अन्य दुर्गा पूजा पंडालों में भी महाआरती के बाद धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं बाल कलाकारों ने धार्मिक प्रसंगों का मंचन किया, तो कहीं आकर्षक झांकियों के माध्यम से देवी महिमा का गुणगान किया गया। देवी जागरण में गूंजते भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक माता की भक्ति में लीन रहे। पंडालों की आकर्षक सजावट और देवी-देवताओं के मनमोहक स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। नवरात्रि के दौरान पंडालों में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क रहा। दुर्गा पूजा पंडालों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। रात्रि में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में दर्शन-पूजन कर सकें। जिलेभर में नवरात्रि को लेकर उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User