शराब के लिए रुपये न देने पर मां की हत्या:औरैया में जमीन पर पटककर मार डाला, बेटा गिरफ्तार; भाई को फंसाने की कोशिश थी

Oct 04, 2026 - 18:54
0
शराब के लिए रुपये न देने पर मां की हत्या:औरैया में जमीन पर पटककर मार डाला, बेटा गिरफ्तार; भाई को फंसाने की कोशिश थी
औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मलकपुर में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बड़े बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब पीने का आदी है और जमीन को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। आरोपी ने शराब के लिए रुपये मांगे थे। मां के रुपये देने से मना करने पर उसने मारपीट की और जमीन पर कई बार पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। मामले का खुलासा रविवार शाम 4 बजे एसपी अभिषेक भारती ने किया। पुलिस के मुताबिक 26 सितंबर को डायल-112 के माध्यम से ग्राम मलकपुर में एक वृद्ध महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान देवी(70) पत्नी स्वर्गीय रामआसरे के रूप में हुई। वह अपने छोटे बेटे वीर सिंह के मकान में अकेली रहती थीं। उनके सिर से खून बह रहा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल से साक्ष्य संकलित कराए। पंचायतनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में मृतका के छोटे बेटे वीर सिंह ने अपने बड़े भाई बलवान और एक अज्ञात व्यक्ति पर मां की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इसके आधार पर कोतवाली औरैया में मुकदमा अपराध संख्या 678/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जमीन संबंधी विवाद चल रहा था पुलिस ने वांछित आरोपी बलवान पुत्र स्वर्गीय रामआसरे, निवासी ग्राम मलकपुर को सोमवार सुबह मुखबिर की सूचना पर चिरहूली पुल के नीचे से करीब 8:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले अपने हिस्से की जमीन बेच दी थी और परिवार से उसका जमीन संबंधी विवाद चल रहा था। घटना के दिन वह शराब पीने के लिए मां से रुपये मांगने पहुंचा था। रुपये न देने पर उसने मां के साथ मारपीट की और जमीन पर पटक दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी का एक बेटा और एक बेटी है। बेटी बाहर रहती है, जबकि बेटा और पत्नी घर पर ही रहते हैं। घटना के समय सभी सो रहे थे। आरोपी ने परिवार को बताया था कि मां गिरने से घायल हुई हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने जमीन विवाद के चलते अपने छोटे भाई को फंसाने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक मो. शकील खां और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User