शूटर रेहान को मिला था ₹2 लाख कमाने का ऑफर:मां का दावा-गुमराह कर फंसाया, हरियाणा पुलिस में जाना चाहता था; टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग में अरेस्ट

Oct 20, 2026 - 05:25
0
शूटर रेहान को मिला था ₹2 लाख कमाने का ऑफर:मां का दावा-गुमराह कर फंसाया, हरियाणा पुलिस में जाना चाहता था; टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग में अरेस्ट
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले शूटर हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान से जुड़ीं कई चौंकाने जानकारियां सामने आई हैं। परिवार ने उसका एडमिशन पिछले साल ही शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत दिल्ली विद्यापीठ स्कूल में कक्षा दस में करवाया था। वह पढ़ाई में ठीक चल रहा था। 12वीं पास करने के बाद पुलिस में भर्ती होना चाहता था, लेकिन दसवीं में एडमिशन लेने के तीन महीने बाद ही स्कूल छोड़ दिया। इसके बाद अगस्त 2026 में हथियारों के साथ फोटो सामने आने के बाद उसे जेल जाना पड़ा। जमानत पर बाहर आने के बाद वह कुछ दिन घर पर रहा, लेकिन फिर काम के सिलसिले में गुरुग्राम जाने की कहकर निकल गया, जिसके बाद परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हुआ। ये खुलासे किए रेहान की मां शमशीदा ने। दैनिक भास्कर से बातचीत में शमशीदा ने बताया कि सोमवार को पुलिस का परिवार के पास फोन आया कि रेहान को मुंबई में अरेस्ट किया गया है। इसके बाद सुबह कुछ पुलिसवाले घर भी आए और उसके डॉक्यूमेंट आदि ले गए। हमने रेहान के बारे में पूछा कि वह इस वक्त कहां है? लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। शमशीदा ने दावा किया कि किसी व्यक्ति ने उसके बेटे को एक साल में दो लाख रुपये कमाने का लालच दिया था। उन्हें आशंका है कि उसी आदमी ने उसके बेटे केा गलत काम में फंसाया। यह आदमी कौन है? इस सवाल पर मां ने सिर्फ इतना कहा कि यह तो पुलिस ही पता करेगी, हमें नहीं मालूम। सोनीपत के शूटर रेहान की कहानी, उसकी मां की जुबानी… पिता ने भी गोहाना के अमन के संपर्क में रहने की बात बताई वहीं, बरोदा गांव के आरोपी रेहान के पिता रईसुद्दीन अंसारी ने उसके गोहाना निवासी अमन के संपर्क में रहने की जानकारी दी। इस अमन ने रेहान की मां शमशीदा को फोन कर अवैध हथियारों में उसकी गिरफ्तारी की बात कहकर जमानत कराने को कहा था। पिता के अनुसार, घर में बहन के साथ खीर को लेकर हुए विवाद के बाद पिता ने रेहान को पीट दिया था। इसके बाद वह घर छोड़कर गोहाना में अमन के पास जाकर रहने लगा था। पिता के मुताबिक, अमन के खिलाफ भी अवैध हथियारों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। हालांकि, रेहान और अमन के बीच किस तरह का संपर्क था और इसका मुंबई की घटना से कोई संबंध है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है। दूसरा शूटर और जिम्मेदारी लेने वाला अनिल पंडित भी हरियाणा का मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने वाले हमलावरों को लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने भेजा था। अनिल पंडित हरियाणा के पानीपत के रेरकलां गांव रहने वाला है। उसके पिता कृष्ण लाल पुजारी हैं और मां प्रवेश गृहिणी हैं। अनिल तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा है। उसकी मंझली बहन शादीशुदा है, जबकि छोटा भाई अभिषेक है। परिवार के मुताबिक, पिता ने जमीन बेचकर अनिल को वर्ष 2022 में नौकरी के सिलसिले में दुबई भेजा था, जहां से वह 2024 में 'डंकी रूट' के जरिए अमेरिका पहुंच गया।भार त छोड़ने से पहले उसके खिलाफ देश में एक भी मामला दर्ज नहीं था, लेकिन अमेरिका पहुंचने के बाद वह लॉरेंस गैंग से जुड़ गया और गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के संपर्क में आ गया। हाल ही में उसने हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की गाड़ी पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी ली थी। इसके बाद पानीपत में भी अनिल के खिलाफ 10 मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बेटे के आपराधिक रिकॉर्ड के कारण ही उसके पिता बीते एक साल से जेल में हैं। दूसरी ओर, फायरिंग करने वाले दूसरा आरोपी नाबालिग है और हरियाणा के सोनीपत का ही रहने वाला है। उसके पिता ने बताया कि एक महीने पहले आरोपी की अपनी बहन से लड़ाई हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने उसकी पिटाई कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर वह एक महीने पहले ही घर छोड़कर गोहाना निवासी अमन नाम के युवक के साथ रहने चला गया था। इससे पहले पंजाब में हुई बाइक चोरी के मामले में उसका नाम आया था। उस समय परिवार ने पुलिस को स्पष्ट किया था कि बेटे ने घर से पैसे लेकर और अपने दादा की पेंशन मिलाकर वह बाइक खरीदी थी, लेकिन बाद में वह गाड़ी चोरी की निकली। रेहान और नाबालिग आरोपी 10 दिन पहले सोनीपत से मुंबई पहुंचे थे फायरिंग में शामिल रेहान और नाबालिग आरोपी करीब 10 दिन पहले मुंबई पहुंचे थे। दोनों गैंगस्टर अनिल पंडित के संपर्क में थे। मुंबई पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब डेढ़ महीने पहले समीर ने रेहान की अनिल पंडित से बात करवाई थी। अनिल पंडित ने समीर के जरिए रेहान को 35 हजार रुपए देने और विदेश भेजने का ऑफर दिया था। वारदात के बाद आरोपी टैक्सी से मुंबई से सूरत पहुंचे। सूरत से ट्रेन में चढ़े। सूरत स्टेशन के सीसीटीवी में उनकी तस्वीर कैद हो गईं। तीनों बदमाश ट्रेन में बिना टिकट सफर कर रहे थे। रास्ते में उनसे जुर्माना भी वसूला गया। बदमाशों के पास एक बैग मिला है, जिसमें तीनों के 1-1 जोड़ी कपड़े थे। दो बदमाशों के पास 1-1 मोबाइल मिला है, जबकि एक बदमाश ने रास्ते में मोबाइल फेंक दिया था। पूछताछ में सामने आया है कि रेहान ने ऋतिक को भी 35 हजार रुपए और विदेश में नौकरी का ऑफर दिया था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि ऋतिक किसी दूसरे व्यक्ति के संपर्क में था। एक और जानकारी सामने आई कि डेढ़ महीने पहले रेहान ने अपने नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर अमृतसर में किसी व्यापारी पर डराने के लिए फायरिंग की थी। फायरिंग के बाद अनिल पंडित को सूचना दी गई थी। उसके इशारे पर ही तीनों आरोपी मुंबई से सूरत भागे थे। सूरत से पुणे-जयपुर ट्रेन से कोटा आए। यहां से उनका जयपुर आकर नेपाल भागने का प्लान था। इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। --------------------- ये खबर भी पढ़ें… टाइगर श्रॉफ फायरिंग-जिम्मेदारी लेने वाले अनिल पंडित के पिता पुजारी:1 साल से जेल में बंद, मकान बेचकर विदेश भेजा था टाइगर श्रॉफ पर गोलियां चलाने वाले पकौड़ी खरीदते दिखे:यात्री बनकर जनरल कोच में चढ़े पुलिसवाले, 15 मिनट में तीनों को दबोचा टाइगर श्रॉफ पर हमले के 3 आरोपी कोटा से पकड़े:पुणे-जयपुर ट्रेन में बैठे थे, लॉरेंस गैंग से जुड़े हैं बदमाश; विदेश भागने की फिराक में थे टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मास्टरमाइंड का बाप जेल में:सरपंच को भी धमका चुका गैंगस्टर अनिल पंडित; परिवार समेत 10 साल पहले छोड़ा गांव

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User