सीतापुर में महिला का शव फंदे से लटका मिला:परिजनों के पहुंचने पर फंदा टूटकर गिरा, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

Oct 05, 2026 - 16:54
0
सीतापुर में महिला का शव फंदे से लटका मिला:परिजनों के पहुंचने पर फंदा टूटकर गिरा, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सीतापुर के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के ग्राम बेलहरी में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 45 वर्षीय महिला का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। महिला के पति ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मौत के कारणों की स्पष्टता के लिए शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलहरी निवासी कृपाशंकर पुत्र स्वर्गीय राम मनोहर ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी पत्नी सुहेली (45) ने कमरे में छत के कुंडे से कपड़े का फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार को जब परिजनों की नजर कमरे में गई तो सुहेली फंदे से लटकी हुई थीं। परिजनों ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि लोगों के एकत्र होने के दौरान फंदा बीच से टूट गया और महिला का शव नीचे गिर गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। महिला की मौत को लेकर परिजनों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि अभी तक मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पति कृपाशंकर ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके। सूचना मिलने के बाद नैमिषारण्य थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाने का प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User