सितंबर के महीने में गुलाबी ठंड जैसा अहसास:प्रयागराज में दिन के तापमान में 10 डिग्री से ज्यादा की भारी गिरावट, वर्षों का रिकॉर्ड टूटा

Sep 27, 2026 - 06:20
0
सितंबर के महीने में गुलाबी ठंड जैसा अहसास:प्रयागराज में दिन के तापमान में 10 डिग्री से ज्यादा की भारी गिरावट, वर्षों का रिकॉर्ड टूटा
संगम नगरी में शनिवार को मौसम का अनोखा रूप देखने को मिला। आम तौर पर सितंबर के आखिरी हफ्ते में उमस और तेज गर्मी झेलने वाले प्रयागराज के लोगों को अचानक गिरे पारे के कारण अक्टूबर-नवंबर जैसी गुलाबी ठंड का अहसास हुआ। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान महज 26°C और न्यूनतम तापमान 22°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग (IMD) के पिछले वर्षों के आंकड़ों की तुलना में आज का यह मौसम कई मायनों में रिकॉर्ड तोड़ने वाला रहा सितंबर में हाल के दशकों का सबसे ठंडा दिन एक दशक (2012-2021) के सरकारी आंकड़ों पर नजर डालें, तो सितंबर के महीने में प्रयागराज का अधिकतम (दिन का) तापमान आम तौर पर 36°C से 38°C के बीच रहता है। साल 2015 में तो यह रिकॉर्ड 38.9°C तक पहुंच गया था। इसके मुकाबले शनिवार को दिन का तापमान सामान्य से लगभग 10 से 12 डिग्री कम (सिर्फ 26°C) दर्ज किया गया, जिसने हाल के कई वर्षों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। दिन और रात के तापमान में केवल 4 डिग्री का अंतर शनिवार के मौसम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि दिन के अधिकतम तापमान (26°C) और रात के न्यूनतम तापमान (22°C) के बीच सिर्फ 4°C का अंतर रहा। जानकारों के मुताबिक, मौसम विज्ञान में ऐसी स्थिति तब बनती है जब आसमान में दिन भर घने काले बादल छाए रहें, सूरज की रोशनी जमीन तक बिल्कुल न पहुंचे और लगातार ठंडी हवाएं या बारिश का दौर चलता रहे। मौसम वैज्ञानिकों का क्या कहना है मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं और क्षेत्र में बने एक मजबूत कम दबाव के क्षेत्र के चलते लगातार हो रही बारिश ने पारे को नीचे गिराया है। हालांकि रात का न्यूनतम तापमान (22°C) साल 1912 के ऑल-टाइम रिकॉर्ड (18.3°C) जितना नीचे नहीं गया, लेकिन दिन के अधिकतम तापमान (26°C) के मामले में यह सितंबर के इतिहास के सबसे ठंडे दिनों में शुमार हो गया। सोमवार से साफ होगा मौसम मौसम विज्ञानी एएस ओझा का कहना है कि बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रहने की पूरी संभावना है। हालांकि अधिकतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है लेकिन न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास ही बने रहने की संभावना है। सोमवार से मौसम साफ होने के आसार हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User