सिया को ब्याहने चले रघुराई, चहुंओर बजने लगी शहनाई:प्रतापगढ़ के भरत चौक पर हुआ राम-सीता का विवाह का मंचन, मंगलगीतों पर झूमे भक्त

Oct 16, 2026 - 08:28
0
सिया को ब्याहने चले रघुराई, चहुंओर बजने लगी शहनाई:प्रतापगढ़ के भरत चौक पर हुआ राम-सीता का विवाह का मंचन, मंगलगीतों पर झूमे भक्त
प्रतापगढ़ शहर में आस्था और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गोपाल मंदिर से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकली तो पूरा बेल्हा बाराती बनने के लिए उमड़ पड़ा। गाजे-बाजे, शहनाई की धुन और जय श्रीराम के जयकारों के बीच निकली बारात का जगह-जगह स्वागत किया गया। भरत चौक पर हाइड्रोलिक मंच पर भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का मंचन हुआ। माता सीता ने प्रभु श्रीराम के गले में वरमाला डाली तो पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। महिलाओं ने मंगलगीत गाए और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर विवाहोत्सव की खुशियां मनाईं। दो तस्वीरें देखिए शहर के गोपाल मंदिर में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की आरती उतारकर बारात रवाना की गई। श्रीरामलीला समिति के पदाधिकारियों ने विधि-विधान से आरती की। इसमें समिति के संरक्षक रोशनलाल उमरवैश्य, श्यामशंकर सिंह, अध्यक्ष संजय खंडेलवाल और विपिन गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल रहे। भगवान श्रीराम की बारात गाजे-बाजे के साथ आगे बढ़ी तो पीछे डीजे और बैंडबाजे की धुन पर थिरकते युवाओं की टोली चल पड़ी। जेल रोड स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद बारात ने शहर का भ्रमण किया। इसके बाद बारात चिलबिला स्थित हनुमान मंदिर पहुंची, जहां बारातियों के जलपान की व्यवस्था की गई। यहां से बारात भरत चौक स्थित विवाह स्थल के लिए रवाना हुई। भरत चौक पर माता सीता सखियों के साथ हाथों में वरमाला लिए प्रभु श्रीराम की प्रतीक्षा कर रही थीं। राम-सीता विवाह का साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु पहले से ही जुटे हुए थे। कुछ ही देर बाद हाइड्रोलिक मंच पर भगवान श्रीराम और माता सीता आमने-सामने आए। दोनों के हाथों में वरमाला थी और उनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। माता सीता ने भगवान श्रीराम के गले में वरमाला डाली, पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। चारों ओर पुष्पवर्षा होने लगी। शहनाई की मधुर धुन के बीच महिलाओं ने मंगलगीत गाकर विवाह की रस्मों को जीवंत कर दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User