सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में 124 साल पुरानी श्रीरामलीला का शुभारंभ:मुकुट पूजन के साथ हुई शुरुआत, नारद मोह की लीला ने मन मोहा
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में 124 साल पुरानी श्रीरामलीला का गुरुवार रात मुकुट पूजन के साथ शुभारंभ हुआ। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद और भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। रामलीला परिसर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद मंचन शुरू होते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। पहले दिन नारद मोह की लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और रामलीला प्रेमी पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद और विशिष्ट अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह मौजूद रहीं। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर रामलीला का शुभारंभ किया। इसके बाद मुकुट पूजन, रामायण पूजन, रिबन काटने और नारियल फोड़ने की रस्म पूरी की गई। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। नारद मोह की लीला में दिखाया अहंकार का दुष्परिणाम पहले दिन कलाकारों ने देवर्षि नारद की कठोर तपस्या, इंद्र की चिंता, कामदेव और अप्सराओं के प्रयासों तथा तपस्या में सफल होने के बाद नारद के मन में उत्पन्न अहंकार के प्रसंगों का प्रभावी मंचन किया। इसके बाद विश्वमोहिनी के स्वयंवर और भगवान विष्णु की लीला के माध्यम से अहंकार के दुष्परिणामों को दर्शाया गया। मंचन के जरिए संदेश दिया गया कि मनुष्य को अपनी उपलब्धियों पर अभिमान नहीं करना चाहिए। अहंकार विवेक को प्रभावित करता है और अंततः सत्य के सामने अभिमान टिक नहीं पाता। रामलीला संस्कारों और जीवन मूल्यों की पाठशाला मुख्य अतिथि रूबी प्रसाद ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कारों और जीवन मूल्यों की पाठशाला है। 124 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा रॉबर्ट्सगंज की सांस्कृतिक पहचान है। इसे संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का त्याग, भरत का समर्पण, लक्ष्मण की भ्रातृभक्ति और माता सीता का धैर्य समाज को जीवन जीने की प्रेरणा देता है। वहीं, रावण का अंत बताता है कि ज्ञान और सामर्थ्य के बावजूद अहंकार पतन का कारण बनता है। विशिष्ट अतिथि पुष्पा सिंह ने कहा कि रामलीला समाज को प्रेम, त्याग, मर्यादा और नैतिकता का संदेश देती है। समिति अध्यक्ष पवन जैन ने अतिथियों और दर्शकों के प्रति आभार जताया। इस मौके पर समिति के संरक्षक जितेंद्र सिंह, राकेश गुप्ता, प्रमोद कुमार गुप्ता, डॉ. धर्मवीर तिवारी, आनंद मिश्रा, देवेश मिश्रा, रामप्रसाद यादव, दीपक केशरवानी, धर्मराज जैन, बलराम सोनी, सभासद गायत्री सिंह, अनवर अली, मनोज चौबे, भैयालाल और प्रदीप पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)