सोनभद्र मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने कहा-कमियां जल्द दूर होंगी:मरीजों और तीमारदारों से सम्मानजनक व्यवहार के निर्देश
सोनभद्र के राजकीय मेडिकल कॉलेज के नए प्राचार्य डॉ. आई. जेन भट्टाचार्य ने गुरुवार को बैठक किए। इस दौरान कॉलेज की व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। अस्पताल में स्ट्रेचर की कमी और सुरक्षा गार्डों के व्यवहार का मुद्दा भी उठा। प्राचार्य ने माना कि कुछ संसाधनों की कमी है और इन्हें जल्द दूर करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। वहीं, सुरक्षा कर्मियों के दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर जांच और आवश्यक कार्रवाई की बात कही। गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर न मिलने का मुद्दा उठा मीडिया प्रतिनिधियों ने बताया कि अस्पताल में कई बार मरीजों को स्ट्रेचर के अभाव में परेशानी होती है। गंभीर मरीजों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इस पर प्राचार्य ने कहा कि कुछ संसाधनों की कमी है। आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मरीजों को इलाज के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से बेहतर किया जा रहा है। सुरक्षा गार्डों के व्यवहार की होगी जांच प्रेसवार्ता में मेडिकल कॉलेज परिसर में तैनात सुरक्षा गार्डों के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठे। पत्रकारों ने बताया कि अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों को कई बार सुरक्षा कर्मियों के कथित व्यवहार से परेशानी होती है। प्राचार्य डॉ. भट्टाचार्य ने कहा कि यदि सुरक्षा कर्मियों के दुर्व्यवहार की शिकायतें मिल रही हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी। दोष या लापरवाही सामने आने पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों और तीमारदारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना जरूरी है। आधुनिक संसाधनों के साथ विकसित करने की योजना प्राचार्य ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को बेहतर चिकित्सा सेवाओं, आधुनिक संसाधनों और व्यवस्थित प्रबंधन के साथ क्षेत्र के प्रमुख चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। अस्पताल की मौजूदा कमियों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। आने वाले दिनों में मरीजों को इलाज के साथ जरूरी सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)