सोनभद्र में विंध्य एक्सप्रेसवे का अलाइनमेंट बदलने की मांग:बागेसोती में हुई किसान पंचायत, ग्रामीणों ने कहा- सहमति के बिना नहीं बनने देंगे
सोनभद्र के कोन ब्लॉक के बागेसोती गांव में रविवार को किसान पंचायत हुई। पंचायत में प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे के अलाइनमेंट पर पुनर्विचार की मांग उठी। ग्रामीणों और युवाओं ने परियोजना को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सहमति के बिना एक्सप्रेसवे का निर्माण नहीं होना चाहिए। ग्रामीणों के आग्रह पर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र प्रतिनिधिमंडल के साथ पंचायत में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं और एक्सप्रेसवे को लेकर उनकी आपत्तियां सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को फलदार आम के पौधे भी वितरित किए। संदीप मिश्र ने कहा कि क्षेत्र के किसान, नौजवान और आदिवासी समाज प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे नहीं चाहता है। इसके बावजूद सरकार की ओर से इसे थोपने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां ऐसी होनी चाहिए, जिनसे आम जनता को अधिकतम लाभ मिले और कम से कम नुकसान हो। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित एक्सप्रेसवे से स्थानीय किसानों और ग्रामीणों के हित प्रभावित होंगे। जनहित और ग्रामीणों की सहमति को नजरअंदाज कर किसी भी परियोजना को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ग्रामीणों के साथ खड़ा है और उनके अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगा। युवा बोले- अभी एक्सप्रेसवे की जरूरत नहीं बागेसोती निवासी युवा धीरेंद्र जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को फिलहाल एक्सप्रेसवे की जरूरत नहीं है। सरकार को सबसे पहले तेलगुड़वा-कोन मार्ग की जर्जर हालत को सुधारना चाहिए। इससे ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। अलाइनमेंट पर पुनर्विचार तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान पंचायत में आकाश चौहान, धीरेंद्र जायसवाल, अभिषेक, अखिलेश, बैजनाथ, अरविंद चौहान, विजय, दिनेश चेरो, रामयश समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रस्तावित अलाइनमेंट पर पुनर्विचार किए जाने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। पंचायत में ग्रामीणों ने परियोजना को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराते हुए सहमति के बिना निर्माण न किए जाने की मांग दोहराई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)