सपा विधायक बोले- 4-5 हजार लोगों के साथ करेंगे आंदोलन:लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत चुनाव आयोग, बेरोजगारी, और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे उठाए
सम्भल की गुन्नौर तहसील में लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत रविवार दोपहर 2 बजे सपा विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव ने अपने आवास पर प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा। विधायक ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र से चार से पांच हजार लोगों को जिला मुख्यालय ले जाकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि आंदोलन की तिथि अभी निर्धारित नहीं हुई है। सभी विधायकों की बैठक के बाद तिथि तय की जाएगी। जिला अध्यक्ष के चाचा के निधन के कारण बैठक नहीं हो सकी थी। जल्द ही बैठक कर आंदोलन की तारीख घोषित की जाएगी।
विधायक ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में ‘करो या मरो, आज नहीं तो कभी नहीं’ के नारे के साथ आंदोलन कर रही है। उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आज चुनाव आयोग और न्यायालय जैसी संस्थाएं भी सरकार के प्रभाव में काम कर रही हैं। बेरोजगारी के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के वादे किए थे, लेकिन बड़ी संख्या में युवा आज भी रोजगार के लिए परेशान हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के दो करोड़ नौकरियां देने और 15 लाख रुपये देने के कथित वादों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि इनका लाभ कितने लोगों को मिला। विधायक ने गुन्नौर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित लोगों के मुआवजे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद सर्वे तो कराए जा रहे हैं, लेकिन प्रभावित लोगों को मुआवजा नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की। शिक्षा व्यवस्था पर विधायक ने कहा कि कई एडेड विद्यालयों और इंटर कॉलेजों में शिक्षकों की कमी है। प्राथमिक विद्यालयों में भी शिक्षकों की कमी के चलते शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार और शिक्षा के मुद्दों को लेकर युवा लगातार परेशान हैं। महात्मा गांधी ने आंदोलन का रास्ता दिखाया था और समाजवादी पार्टी इन्हीं मुद्दों को लेकर आंदोलन करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)