सुल्तानपुर में किराए के कमरे में मिला नर्स का शव:अंदर से बंद था दरवाजा, फॉरेंसिक टीम ने की जांच

Oct 10, 2026 - 13:13
0
सुल्तानपुर में किराए के कमरे में मिला नर्स का शव:अंदर से बंद था दरवाजा, फॉरेंसिक टीम ने की जांच
बरौंसा बाजार में शनिवार सुबह किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नर्स का शव लटकता मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और युवती का शव रोशनदान के सहारे कपड़े से लटका हुआ पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के बेलगरा सारंगपुर निवासी रामस्वरूप सैनी की पुत्री शिल्पा सैनी उर्फ रजनी (22) जेएनएम की पढ़ाई करने के साथ बरौंसा बाजार स्थित एक अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी। वह अस्पताल के पास ही एक किराए के कमरे में रहती थी। शनिवार सुबह जब शिल्पा अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो बगल के कमरे में रहने वाली दूसरी नर्स ने दरवाजा खटखटाया। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला और अंदर से बंद मिला। इसके बाद खिड़की से झांककर देखने पर कमरे के अंदर शिल्पा का शव रोशनदान के सहारे कपड़े से लटका दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर बरौंसा चौकी प्रभारी गुलाबचंद्र पाल सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया। कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार राय ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User