थाने से 100 मीटर दूर मिला युवक का शव:पोस्टमार्टम में बिजली गिरने की पुष्टि, 3 दिन पहले पत्नी को लेने आया था ससुराल
फतेहपुर के थरियांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह थाने से करीब 100 मीटर दूर जीटी रोड किनारे युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कौशांबी के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के चकनारा निवासी 45 वर्षीय बब्बू नट के रूप में हुई। शव मिलने के बाद परिजनों ने ससुरालियों पर पीटकर हत्या करने और शव सड़क किनारे फेंकने का आरोप लगाया था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत आकाशीय बिजली गिरने से होने की पुष्टि हुई है। बब्बू की शादी करीब 15 साल पहले थरियांव थाना क्षेत्र के हनुमानपुर गांव निवासी चांद से हुई थी। दोनों के बीच विवाद चल रहा था। करीब एक सप्ताह पहले चांद अपने दोनों बेटों आरसी और आरपी के साथ मायके आ गई थी। 23 सितंबर को बब्बू पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था, जहां उसके साथ विवाद हो गया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया था। पत्नी को लेने पहुंचा था ससुराल पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर को बब्बू पत्नी चांद को वापस घर ले जाने के लिए हनुमानपुर पहुंचा था। पत्नी ने ससुराल जाने से इनकार किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। शुक्रवार दोपहर इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। बाद में समझौता होने पर दंपती को घर भेज दिया गया। रात में फिर पहुंची पुलिस रात करीब 12 बजे यूपी-112 पर दोबारा सूचना मिली। इसके बाद पुलिस दंपती और अन्य लोगों को थाने ले आई। पुलिस का कहना है कि बब्बू नशे में था, इसलिए उसे कुछ देर थाने में रोक लिया गया। पहले उसकी पत्नी और सास को घर भेज दिया गया। कुछ देर बाद बब्बू को भी थाने से छोड़ दिया गया। सुबह सड़क किनारे मिला शव शनिवार सुबह थाने से करीब 100 मीटर दूर पुराने कस्बे में जीटी रोड किनारे बब्बू का शव पड़ा मिला। वह सिर्फ अंडरवियर में था। उसके शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने ससुरालियों पर मारपीट कर हत्या करने और शव सड़क किनारे फेंकने का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बिजली गिरने से मौत की पुष्टि मामले में प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने रविवार सुबह बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक बब्बू की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)