UGC का विरोध करने वालों पर कार्यवाही की मांग:कन्नौज में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी ने कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
कन्नौज में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के लोगों ने गुरुवार दोपहर बाद 3 बजे एसडीएम आवास के सामने ग्राउंड में प्रदर्शन किया। यहां से एकजुट होकर वह लोग डीएम कार्यालय की ओर जाने लगे तो फोर्स ने उन्हें रोक दिया और प्रदर्शन स्थल पर ही ज्ञापन देने की बात कही। जिसको लेकर पुलिस से उनकी तकरार भी हो गई। करीब 15 मिनट की बहस के बाद डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। भीम आर्मी जिलाध्यक्ष सूरज कुमार और आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष प्रभात गौतम की अगुवाई में संगठन के लोग गुरुवार दोपहर बाद एडीएम आवास के सामने ग्राउंड में एकजुट होने लगे। यहां महिलाओं और पुरुषों की भीड़ एकत्र हुए तो वह लोग डीएम कार्यालय की ओर नारेबाजी करते हुए चल दिए। यहां मौके पर मौजूद सीओ सिटी सुरेश कुमार, सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने उन लोगों को ग्राउंड के गेट पर ही रोक दिया। जिसको लेकर पुलिस से उन लोगों की तकरार होने लगी। इस बीच कुछ महिलाएं धक्का देकर ग्राउंड से बाहर निकल आईं और कलक्ट्रेट परिसर की ओर जाने लगीं। महिलाओं को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह लोग नोकझोंक करने लगीं। जिसके बाद महिला दरोगा ने उन्हें एक साइड में रोक दिया। यहां पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद दोनों संगठनों के जिलाध्यक्ष डीएम की बजाए डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन देने पर राजी हो गए। कुछ ही देर में वहां डिप्टी कलेक्टर रेशमा सहाय पहुंच गईं। जिन्हें भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के लोगों ने ज्ञापन सौंप दिया। यहां आजाद समाज पार्टी जिलाध्यक्ष प्रभात गौतम ने कहाकि कुछ लोग यूजीसी और आरक्षण को खत्म कराने की मांग कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्यवाही की जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर वह लोग कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करने के लिए एकत्रित हुए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)