उन्नाव में दरोगा पर 20 हजार रुपए मांगने का आरोप:दहेज केस में समझौते के नाम पर महिला को दरोगा ने थप्पड़ मारा VIDEO

Oct 11, 2026 - 12:44
0
उन्नाव में दरोगा पर 20 हजार रुपए मांगने का आरोप:दहेज केस में समझौते के नाम पर महिला को दरोगा ने थप्पड़ मारा VIDEO
उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर वसूली, गाली-गलौज और मारपीट के आरोप लगाने वाली महिला का वीडियो रविवार को सामने आया। कृष्णा नगर निवासी रेनू कश्यप ने दरोगा विद्यासागर शुक्ला पर घर में घुसकर 20 हजार रुपए मांगने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि घटना के दौरान उसकी सास के साथ भी मारपीट की गई और वीडियो बनाने की कोशिश करने पर मोबाइल तोड़ दिया गया। रेनू के मुताबिक, उनकी ननद का दहेज उत्पीड़न का मुकदमा पिछले चार से पांच वर्षों से चल रहा है। आरोप है कि केस वापस लेने के लिए ससुराल पक्ष की ओर से दबाव बनाया जा रहा था। महिला ने दावा किया कि मामले को लेकर उनके परिवार के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने प्रकरण का संज्ञान लेकर जांच कराने की बात कही है। रेनू ने बताया कि सात अक्टूबर को पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे। उन्होंने वारंट दिखाने और महिला कांस्टेबल की मौजूदगी को लेकर सवाल किया तो पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उन्हें धक्का दिया और घर में घुस गए। इसके बाद कमरे में तलाशी लेने लगे, जहां उनके पति खाना खा रहे थे। 20 हजार रुपए मांगने का लगाया आरोप महिला का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछा कि रुपए तैयार हुए या नहीं। इंतजाम नहीं होने की बात कहने पर गाली-गलौज की गई। रेनू ने दरोगा विद्यासागर शुक्ला पर 20 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रकम का इंतजाम नहीं होने के कारण वह रुपए नहीं दे सकीं। सास से मारपीट और मोबाइल तोड़ने का दावा रेनू के अनुसार, विवाद के दौरान उनकी सास के साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो मोबाइल फोन तोड़ने का आरोप लगाया। महिला का दावा है कि उन्होंने थाने में शिकायत दी और तीन बार चक्कर लगाए। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देने के साथ आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। एसपी सिटी ने कहा- जांच कराई जाएगी मामले में दरोगा विद्यासागर शुक्ला से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वह एफएसएल के प्रशिक्षण में हैं और बाद में बात करेंगे। वहीं, पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User