उन्नाव में सड़क चौड़ीकरण में गिरी दुकान पर हुआ विवाद:ज्यादा हिस्सा गिरवाने और दुकान खाली कराने लगा आरोप, DM से शिकायत
उन्नाव में शुक्लागंज के गांधी नगर स्थित पोनी रोड पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान दुकान का हिस्सा गिराए जाने को लेकर मकान मालिक और किरायेदार के बीच विवाद सामने आया है। किरायेदार महेंद्र शर्मा ने मकान मालिक पर पीडब्ल्यूडी के साथ मिलकर दुकान का अधिक हिस्सा गिरवाने का आरोप लगाया है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे वह जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मामले में न्याय की गुहार लगाई। उनका आरोप है कि मकान मालिक अब जबरन दुकान खाली कराने का दबाव बना रहा है और विरोध करने पर धमकी दी जा रही है। महेंद्र शर्मा के मुताबिक, वह गांधी नगर के पोनी रोड स्थित दुकान में किरायेदार के रूप में कारोबार करते हैं। सड़क चौड़ीकरण के दौरान 14 अक्टूबर को दुकान का हिस्सा गिराए जाने को लेकर विवाद बढ़ गया। उनका आरोप है कि चौड़ीकरण के नाम पर दुकान का जरूरत से अधिक हिस्सा गिरा दिया गया। उन्होंने इस कार्रवाई में मकान मालिक की भूमिका होने का दावा करते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। महेंद्र शर्मा का कहना है कि मकान मालिक और उनके बीच किराये को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। इस संबंध में मुकदमा संख्या 165/2024 न्यायालय में विचाराधीन है। किरायेदार का दावा है कि मकान मालिक ने किराया लेने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद मामला न्यायालय पहुंचा। उन्होंने यह भी कहा कि न्यायालय से स्टे मिलने के बावजूद उन पर दुकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। किरायेदार ने आरोप लगाया कि 14 अक्टूबर को पोनी रोड पर चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान उन्हें धमकी दी गई। उनका कहना है कि दुकान को लेकर न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद मकान मालिक लगातार दुकान खाली कराने का प्रयास कर रहा है। इससे उन्हें कारोबार और दुकान की सुरक्षा को लेकर परेशानी हो रही है। शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर महेंद्र शर्मा ने पूरे मामले से संबंधित शिकायत रखी और निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने दुकान गिराए जाने की परिस्थितियों और कथित दबाव की जांच कराने का अनुरोध किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)