वेतन वृद्धि की मांग को लेकर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन बंद:फिरोजाबाद में ठेका कर्मचारी हड़ताल पर, कन्हैया नगर वर्कशॉप पर धरना
फिरोजाबाद में सुहागनगरी में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कंपनी के ठेका कर्मचारी सोमवार सुबह से हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारियों ने कन्हैया नगर स्थित वर्कशॉप पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने का संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें वर्तमान में 10 से 11 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिल रहा है। इतनी कम रकम में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। महंगाई के दौर में उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारी अपना मानदेय बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग कर रहे हैं।
धरना दे रहे कर्मचारियों ने आगरा नगर निगम की तर्ज पर वेतन दिए जाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि लंबे समय से वेतन वृद्धि की जरूरत महसूस की जा रही है, लेकिन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। इसी के विरोध में उन्होंने काम बंद कर धरना शुरू किया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मांगें पूरी नहीं होने पर उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहने की बात कही है। कर्मचारियों की हड़ताल से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखना संबंधित विभाग के लिए चुनौती बन सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)