विदेश भेजने के नाम पर 11.63-लाख की ठगी का आरोप:कंपनी कार्यालय बंद कर फरार, फर्जी वीजा पर एयरपोर्ट से लौटाए गए युवक

Oct 05, 2026 - 16:04
0
विदेश भेजने के नाम पर 11.63-लाख की ठगी का आरोप:कंपनी कार्यालय बंद कर फरार, फर्जी वीजा पर एयरपोर्ट से लौटाए गए युवक
देवरिया में विदेश भेजने के नाम पर तरकुलवा क्षेत्र के करीब एक दर्जन युवकों से 11.63 लाख रुपए लेने के बाद कंपनी का कार्यालय बंद कर फरार होने का आरोप लगा है। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे पीड़ित कार्यालय पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद नाराज युवकों ने हंगामा किया। पीड़ितों ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कंपनी, उसके एजेंट और रकम की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। विदेश भेजने का भरोसा देकर अलग-अलग रकम लेने का आरोप तरकुलवा के हरपुर निजाम चक निवासी सुजीत चौहान समेत अन्य पीड़ितों का आरोप है कि सीसी रोड स्थित कार्यालय से यूनिक मैनेजमेंट सर्विस के नाम पर विदेश भेजने का काम किया जाता था। कंपनी से जुड़े एजेंट आशीष कुमार बिष्ट ने विदेश भेजने का भरोसा देकर उनसे अलग-अलग रकम ली। पीड़ितों के अनुसार, अलग-अलग लोगों से 10 हजार, 48 हजार, 40 हजार, 4.50 लाख, 40 हजार, 30 हजार, 3.50 लाख, 55 हजार, 55 हजार, 35 हजार और 50 हजार रुपए लिए गए। आरोप है कि रकम लेने के बाद उन्हें काफी समय तक विदेश भेजने के नाम पर दौड़ाया जाता रहा। वीजा और दस्तावेज देने के बाद भी नहीं भेजा विदेश पीड़ितों का आरोप है कि कुछ युवकों को वीजा और अन्य दस्तावेज देकर विदेश भेजा गया, लेकिन वे संबंधित देश पहुंचने से पहले ही एयरपोर्ट से वापस कर दिए गए। इसके बाद भी उनकी रकम वापस नहीं की गई। पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने कंपनी से संपर्क करने का प्रयास किया तो कार्यालय बंद मिला। संबंधित लोगों के मोबाइल फोन भी बंद बताए जा रहे हैं। कार्यालय पर ताला मिला तो किया हंगामा सोमवार को सुजीत चौहान, मोहन चौहान, घनश्याम चौहान समेत अन्य पीड़ित कंपनी के कार्यालय पहुंचे। काफी देर तक जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन कार्यालय पर ताला लगा मिला। इसके बाद उन्होंने वहां हंगामा किया। बाद में सभी पीड़ित सदर कोतवाली पहुंचे और लिखित तहरीर देकर पूरे मामले की जांच की मांग की। उन्होंने कंपनी और उसके एजेंट पर विदेश भेजने के नाम पर ली गई रकम की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User