विधायक की बेटी ने सिडनी से बी.कॉम की डिग्री ली:उन्नाव में अनिल सिंह बोले- बिटिया ने मान बढ़ाया, अभावों में पढ़ाई पूरी की

Oct 07, 2026 - 08:48
0
विधायक की बेटी ने सिडनी से बी.कॉम की डिग्री ली:उन्नाव में अनिल सिंह बोले- बिटिया ने मान बढ़ाया, अभावों में पढ़ाई पूरी की
उन्नाव के पुरवा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अनिल सिंह की बेटी आरोही सिंह ने ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ सिडनी से बैचलर ऑफ कॉमर्स (B.Com) की डिग्री हासिल की है। मंगलवार को डिग्री मिलने पर विधायक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर खुशी जाहिर की। उन्होंने बेटी की उपलब्धि को अपने जीवन की सबसे बड़ी पूंजी और सफलता बताया। विधायक अनिल सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आज का दिन उनके और उनकी पत्नी के लिए बेहद गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि उन्होंने गरीबी और अभावों के बीच संघर्ष करते हुए अपनी शिक्षा पूरी की थी। कई कठिनाइयों के बावजूद पढ़ाई जारी रखी और आज उनकी बेटी ने विदेश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा हासिल कर पूरे परिवार का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि से न केवल परिवार गौरवान्वित हुआ है, बल्कि यह उन अभिभावकों के लिए भी प्रेरणा है, जो अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने का सपना देखते हैं। विधायक ने पुरवा विधानसभा क्षेत्र समेत जिले के सभी अभिभावकों से बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। बेटियों को बिना भेदभाव दें आगे बढ़ने का अवसर अनिल सिंह ने कहा कि बेटियों को बेटों से किसी भी तरह कम नहीं समझना चाहिए। उन्हें बिना भेदभाव के शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने का अवसर देना चाहिए। एक बेटी के शिक्षित होने से उसका परिवार ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियां भी मजबूत होती हैं। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने का आह्वान किया। शिक्षा से ही समाज की प्रगति संभव विधायक ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा के माध्यम से ही संभव है। इसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों के बराबर होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भी मातृशक्ति के सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे में हर माता-पिता को बेटियों को शिक्षित और सशक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User