विजयदशमी पर सीएम की शोभायात्रा को लेकर नगर निगम अलर्ट:लटकते तार हटेंगे और झालरों से सजेगा मार्ग

Oct 19, 2026 - 06:46
0
विजयदशमी पर सीएम की शोभायात्रा को लेकर नगर निगम अलर्ट:लटकते तार हटेंगे और झालरों से सजेगा मार्ग
गोरखपुर में विजयदशमी को देखते हुए मुख्यमंत्री की शोभायात्रा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शोभायात्रा मार्ग पर सड़क की मरम्मत, नालियों पर स्लैब रखने, लाइटिंग और सजावट से लेकर साफ-सफाई तक के काम समय से पूरे कराने की तैयारी है। रविवार को नगर आयुक्त अजय जैन ने अधिकारियों और अभियंताओं के साथ निर्धारित शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने के साथ ही सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग के अधिकारियों को मार्ग पर चल रहे पैचवर्क के काम में तेजी लाने और खुली नालियों पर स्लैब रखने का काम जल्द पूरा कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए मार्ग पर मौजूद कमियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि पर्व के दिन किसी तरह की अव्यवस्था न हो। लटकते तार हटेंगे, झालरों से सजेगा रास्ता शोभायात्रा मार्ग पर रोशनी और सजावट की व्यवस्था को लेकर भी नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रकाश विभाग को सजावटी लाइटें और झालर लगाने का काम निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने को कहा गया। इसके साथ ही मार्ग पर लटक रहे बिजली के तारों को हटवाने के निर्देश दिए गए, जिससे शोभायात्रा के दौरान किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे। नगर आयुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित दुर्घटना की स्थिति में तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आपात स्थिति में बिना देरी के कार्रवाई की जा सके। वॉल पेंटिंग और कपड़ों से सजावट जल्द होगी पूरी मार्ग को आकर्षक बनाने के लिए कराए जा रहे वॉल पेंटिंग के काम की भी समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार सहित संबंधित अधिकारियों को दीवारों पर रंग-रोगन का काम शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कपड़ों से सजावट का काम अगले दिन तक हर हाल में पूरा करने को कहा गया, ताकि शोभायात्रा से पहले मार्ग की सजावट पूरी हो सके। सफाई कर्मचारियों की शिफ्टवार लगेगी ड्यूटी शोभायात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर आयुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी समय से लगाई जाए और जरूरत के अनुसार शिफ्ट में बदलाव किया जाए। पूरे मार्ग पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही कहीं भी कूड़ा जमा नहीं होने दिया जाए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने और आपसी समन्वय से काम करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विजयदशमी के दौरान शोभायात्रा मार्ग स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित रहना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User