यासर शाह बोले- सपा का मुकाबला सिर्फ भाजपा से:सरकार बनाने के लिए लड़ रहे चुनाव; शिक्षकों और सपा नेताओं के साथ बैठक की

Oct 18, 2026 - 21:10
0
यासर शाह बोले- सपा का मुकाबला सिर्फ भाजपा से:सरकार बनाने के लिए लड़ रहे चुनाव; शिक्षकों और सपा नेताओं के साथ बैठक की
गोंडा में समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री यासर शाह रविवार रात 8 बजे सपा नेता सूरज सिंह के घर पहुंचे। यहां उन्होंने शिक्षकों और सपा नेताओं के साथ बैठक कर आगामी स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव की रणनीति बनाई। शाह को सपा ने देवीपाटन मंडल का प्रभारी बनाया है। बैठक में उन्होंने ओवैसी के यूपी की 36 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावे, दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन, अखिलेश यादव पर विवादित पोस्टर और मतदाता सूची के विशेष अभियान पर भी बात रखी। सपा का मुकाबला सिर्फ भाजपा से: यासर शाह ओवैसी के यूपी की 36 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावे पर यासर शाह ने कहा कि लोकतंत्र में सभी दलों को चुनाव लड़ने और अपने उम्मीदवार उतारने का अधिकार है। समाजवादी पार्टी चुनाव जीतने और सरकार बनाने के लिए मैदान में है। उसका मुकाबला सिर्फ भारतीय जनता पार्टी से है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा को हटाकर सपा की सरकार बनानी है। बोले- जनता की आवाज सुने सरकार दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन पर शाह ने कहा कि जनता सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़कों पर है। सरकार को लाठी-डंडे चलाने के बजाय जनता की आवाज सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब लोग सड़कों पर उतरते हैं, तो यह संकेत है कि देश में कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ चल रहा है। विवादित पोस्टर पर बोले- गलत को गलत कहना चाहिए लखनऊ में रावण की तुलना अखिलेश यादव से करते हुए लगाए गए पोस्टर पर यासर शाह ने कहा कि गलत को गलत और सही को सही कहना चाहिए। उन्होंने पोस्टर लगाने के तरीके को गलत बताया। शाह ने कहा कि कुछ बातें खामोशी से भी कही जानी चाहिए और खामोशी बड़ी ताकतवर होती है। सपा इस तरह की राजनीति के स्तर तक नहीं पहुंची है कि किसी के खिलाफ ऐसे विवादित पोस्टर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी इसका जवाब देने के बजाय जनता तक यह बात पहुंचाना चाहती है कि ऐसा करना गलत है। विशेष अभियान में छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने की मांग SIR के बाद चलाए जा रहे विशेष अभियान पर शाह ने कहा कि मतदाता सूची तैयार करते समय कुछ त्रुटियां दूर नहीं हो पाईं। कई ऐसे लोग हैं, जिनका नाम मतदाता सूची में होना चाहिए था, लेकिन नहीं जुड़ पाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग अपनी गरिमा बनाए रखते हुए सभी पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाएगा। शाह ने कहा कि विशेष कैंप के दौरान भी अगर छूटे हुए या नए मतदाताओं के नाम नहीं जुड़ पाते हैं, तो प्रक्रिया आगे बढ़ाई जानी चाहिए। कोई भी मतदाता अपने अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। बोले- हर समाज का पीड़ित व्यक्ति PDA का हिस्सा स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव और PDA के सवाल पर शाह ने कहा कि चुनाव केवल PDA के भरोसे लड़ने की बात नहीं है। शिक्षक समाज के स्तंभ हैं और लोगों को सही राह दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक सपा उम्मीदवार को जिताने के लिए आगे आ रहे हैं, तो यह समाज में बदलाव की इच्छा का संकेत है। PDA की व्याख्या करते हुए शाह ने कहा कि हर समाज का पीड़ित और सरकार से दुखी व्यक्ति इसका हिस्सा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या ब्राह्मण समाज पीड़ित नहीं है? शाह ने कहा कि PDA में ‘P’ को पंडित और पीड़ित, दोनों रूपों में देखा जा सकता है। उनके मुताबिक, हर समाज का वह वर्ग जो सरकार से पीड़ित है, PDA और समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा है। बैठक में ये नेता और शिक्षक रहे मौजूद बैठक में सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन, पूर्व सपा प्रत्याशी सूरज सिंह, पूर्व एमएलसी रणविजय सिंह, नगर अध्यक्ष मतीन सिद्दीकी, मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप और छात्र सभा के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मतदाता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User