योगेश सिंह CRPF में बने असिस्टेंट कमांडेंट:गांव लौटने पर ढोल-नगाड़ों से जोरदार स्वागत
चंदौली जिले के तारापुर टिकरी निवासी योगेश सिंह सीआरपीएफ (CRPF) में असिस्टेंट कमांडेंट बनने के बाद सोमवार को पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे। उनके घर आगमन पर ग्रामीणों और मित्रों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। योगेश की मित्र मंडली ने चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन पर उनका जोरदार स्वागत किया और वहां से उन्हें एक खुली कार में बैठाकर गाजे-बाजे के साथ गांव तक ले गए। गांव के बेटे की इस बड़ी उपलब्धि पर पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले योगेश सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत और देशसेवा के जज्बे से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि साल 2011 में उनकी नियुक्ति सीआरपीएफ में हुई थी। इसके बाद उन्होंने अपनी मेहनत जारी रखी और वर्ष 2016 में विभागीय परीक्षा पास कर उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) का पद हासिल किया। अपनी शानदार सेवा के चलते वर्ष 2022 में उन्हें पदोन्नति (प्रमोशन) देकर निरीक्षक (इंस्पेक्टर) बनाया गया। अब उन्होंने सहायक कमांडेंट (असिस्टेंट कमांडेंट) की परीक्षा भी पास कर ली है और एक अधिकारी के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। अपने अब तक के सेवाकाल के दौरान योगेश सिंह देश के कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण इलाकों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने आतंकवाद प्रभावित जम्मू-कश्मीर, नक्सल प्रभावित झारखंड में सीआरपीएफ की विशेष कोबरा कमांडो यूनिट (CoBRA) और देश की राजधानी दिल्ली स्थित संसद भवन की सुरक्षा में अहम जिम्मेदारी निभाई है। असिस्टेंट कमांडेंट बनने की खुशखबरी के साथ घर लौटे योगेश कुछ दिन अपने परिजनों के साथ बिताने के बाद वापस लौटकर अपना नया कार्यभार ग्रहण करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)