यूपी डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा शुरू:पहले दिन 96 प्रतिशत से ज्यादा उपस्थिति, 426 केंद्रों पर 26 सितंबर तक चलेगी
उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में गुरुवार (24 सितंबर) से डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो गईं। ये परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा और प्रशासन की निगरानी में हो रही हैं। पहले दिन 96 प्रतिशत से ज्यादा परीक्षार्थी मौजूद रहे। परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) प्रयागराज के सचिव राजेंद्र प्रताप ने बताया कि यह परीक्षा प्रदेशभर के 426 केंद्रों पर 26 सितंबर तक चलेगी। सचिव राजेंद्र प्रताप ने जानकारी दी कि परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में कुल 1,65,265 परीक्षार्थी शामिल हुए। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक 'शैक्षिक मूल्यांकन क्रियात्मक शोध एवं नवाचार' विषय के पेपर के साथ शुरू हुई। इस पाली में कुल पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 96.82 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक दूसरी पाली हुई, जिसमें 'समावेशी शिक्षा' विषय की परीक्षा ली गई। दूसरी पाली में उपस्थिति और ज्यादा रही, यहां 97.26 प्रतिशत परीक्षार्थी मौजूद थे। परीक्षाओं को साफ-सुथरा और नकल रहित कराने के लिए बड़े अधिकारियों ने खुद व्यवस्था संभाली। दूसरी पाली के दौरान परीक्षा नियामक प्राधिकारी के सचिव राजेंद्र प्रताप और उप कुल सचिव डॉ. हिमांशु सिंह ने प्रयागराज के इलाहाबाद इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का अचानक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कक्षाओं में जाकर व्यवस्थाएं देखीं और केंद्र व्यवस्थापकों को जरूरी निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)