यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:कांग्रेस ऑफिस में जूते चले- अजय राय भिड़े, कंगना बोलीं- योगी मेरे भाई; मां के पति को मारने न्यूजीलैंड से आया बेटा

Oct 11, 2026 - 19:16
0
यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:कांग्रेस ऑफिस में जूते चले- अजय राय भिड़े, कंगना बोलीं- योगी मेरे भाई; मां के पति को मारने न्यूजीलैंड से आया बेटा
आज की सबसे बड़ी खबर यूपी कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अराधना उर्फ मोना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के कार्यभार ग्रहण के दौरान कार्यकर्ताओं में जूतम पैजार को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर वाराणसी में चाइनीज मांझे से साड़ी कारोबारी की गर्दन कटने से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- कांग्रेस कार्यालय में जूते चले, अजय राय और महिला पार्षद भिड़े; प्रमोद तिवारी ने हाथ जोड़े कांग्रेस कार्यालय में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान जूते-चप्पल चले, धक्का-मुक्की हुई। दरअसल, पार्षद ममता चौधरी ने पूर्व अध्यक्ष अजय राय से कहा- तुम्हारी शक्ल नहीं देखनी, यहां से चले जाओ। राय ने पलटकर कहा- औकात में रहना। फिर उनके समर्थक ने जूता निकाल लिया। दोनों के समर्थक भिड़ गए। इसके बाद वह धरने पर बैठ गए। प्रमोद तिवारी ने हाथ जोड़कर मनाया। पूरी खबर पढ़ें 2- वाराणसी में चाइनीज मांझे से गर्दन कटी, कारोबारी की तड़पकर मौत; 20 घंटे में दूसरी मौत वाराणसी में चाइनीज मांझे से 55 साल के साड़ी कारोबारी की गर्दन कट गई। खून का फव्वारा निकला और सड़क पर तड़पकर उनकी मौत हो गई। वह नवरात्रि पर बीमार बेटे के ठीक होने की मन्नत मांगने मंदिर गए थे। राज्य में 20 घंटे के अंदर मांझे से यह दूसरी मौत है। शनिवार को गोरखपुर में युवक की गर्दन कटने से मौत हुई थी। यूपी में 2016 से चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध है। पूरी खबर पढ़ें 3- मिर्जापुर वालों ने दिव्या मित्तल पर फूल बरसाए, भावुक हो बोलीं- अब किसी को रोना नहीं है राजनीति में आने का ऐलान करने के बाद पूर्व IAS दिव्या मित्तल पहली बार मिर्जापुर पहुंचीं। नवरात्रि के पहले दिन समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। महिलाओं ने गुलाब की मालाएं पहनाईं, फूल बरसाए। पैर छूए। यह देखकर दिव्या भावुक हो गईं। उन्होंने कहा- लगता है कि मिर्जापुर ने मुझे रुलाने का ठेका ले रखा है। सबको हमेशा हंसते रहना है, किसी को रोना नहीं है। पूरी खबर पढ़ें 4- झांसी का काली बाबा हिस्ट्रीशीटर निकला, गिरफ्तार, आर्मी जैसी ड्रेस पहनता था झांसी में दिव्य दरबार लगाने वाला काली सरकार बाबा उर्फ प्रदीप शुक्ला हिस्ट्रीशीटर निकला। पुलिस ने रविवार को छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। वह वेश बदलकर मंदिर में रह रहा था। आर्मी जैसी ड्रेस पहनकर दिव्य दरबार लगाता था। बीमारी ठीक करने का दावा करता था। उसके पास देश-विदेश से लोग आते थे। इंस्टाग्राम पर उसके एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। पूरी खबर पढ़ें 5- मां के प्रेमी को मारने न्यूजीलैंड से रामपुर आया, सौतेले पिता को गोलियों से भूना रामपुर में 30 साल के व्यापारी की हत्या न्यूजीलैंड से आए सौतेले बेटे ने अपने फुफेरे भाई के साथ मिलकर की। आरोप है कि बेटा मां की दूसरी शादी से नाराज था। शनिवार शाम दुकान में व्यापारी नवजोत सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। वह गोलियां लगते ही भागे, फिर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद दोनों कार से फरार हो गए। वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- अयोध्या को लेकर अखिलेश बोले- ‘पवन’ की हवा में सब बह जाएंगे; 3 साल बाद JPNIC पहुंचे अखिलेश यादव ने अयोध्या से चुनाव लड़ने पर बोला- पवन (पवन पांडेय) के हवा में सब बह जाएंगे। अहंकारी लोग बच नहीं पाएंगे। बीजेपी के लोगों से पूछना, क्या सीएम टिकट बांटते हैं? खुद लाइन में लगना पड़ता है। वह अपने लिए तो टिकट मांगते ही हैं? अपने लोगों को मांगने के लिए भी लाइन में लगते हैं। अखिलेश JPNIC में लोकनायक जयप्रकाश को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। पूरी खबर पढ़ें 7- STF दरोगा ने रिश्वत में गाय-भैंस, कुत्ता मांगा, प्रयागराज में बोला- मुकदमे से नाम निकाल दूंगा प्रयागराज STF के दरोगा ने शराब तस्करी के केस से नाम निकालने के बदले 2 गाय, भैंस, जर्मन शेफर्ड कुत्ता और 35 हजार रुपए मांगे। आरोपी दरोगा रणेन्द्र कुमार सिंह ने हरियाणा के मनवीर सिंह से फोन पर कुर्सी-मेज खरीदने के लिए भी पैसे मांगे। मामले में हिसार में FIR दर्ज हुई है। मनवीर के खिलाफ प्रयागराज में 2 सितंबर 2023 को शराब तस्करी का मुकदमा दर्ज हुआ था। पूरी खबर पढ़ें 8- योगी ने कन्याओं को गिफ्ट दिए, मां पाटेश्वरी की पूजा की, विंध्याचल में जबरदस्त भीड़ शारदीय नवरात्रि के पहले दिन यूपी के मंदिरों में मां दुर्गा के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। सीएम योगी ने देवीपाटन मंदिर में मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन किए। गायों को गुड़ खिलाया और बच्चों को चॉकलेट बांटी। इसके बाद 9 कन्याओं के पैर पूजे, टीका लगाया, चुनरी ओढ़ाकर उपहार दिए। मिर्जापुर के विंध्याचल में 6 लाख से अधिक भक्तों ने मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए। पूरी खबर पढ़ें 9- अयोध्या में कंगना रनोट बोलीं- योगी मेरे भाई; कहा- अब परिवार के साथ आऊंगी बॉलीवुड एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनोट ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। उन्होंने सीएम योगी को अपना भाई बताया और कहा कि अयोध्या धाम दुनियाभर में प्रसिद्ध हो रहा है। जल्द ही शादी करने के संकेत भी दिए। कंगना ने कहा, “अब लगता है कि परिवार के साथ कम से कम एक बार यहां जरूर आना पड़ेगा।” अयोध्या की सड़कों और एयरपोर्ट की भी तारीफ कीं। पूरी खबर पढ़ें 10- लखनऊ बाढ़ में 40 हजार घर डूबे, सड़कों पर चल रहीं नाव, कारें-बाइकें डूबीं लखनऊ में 13 दिनों से बाढ़ के हालात हैं। 3 लाख से ज्यादा की आबादी प्रभावित है। फैजुल्लागंज में 40-50 हजार से ज्यादा घर गोमती के पानी में आधे से अधिक डूबे हैं। सड़कों पर नाव चल रही हैं। कारें-बाइकें डूब गई हैं। लोग घर छोड़कर किराए पर रहने को मजबूर हैं। जलभराव के कारण मां चंद्रिका देवी मंदिर बंद है। नवरात्र पर पहली बार भक्त माता के दर्शन नहीं कर पाए। पूरी खबर पढ़ें 11- मंत्री राजभर की चुनौती, बोले- डर लग रहा तो मेरी सीट से चुनाव लड़ें अखिलेश अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए अखिलेश यादव की सीएम योगी को चुनौती और मुख्यमंत्री के पलटवार के बाद अब मंत्री राजभर भी विवाद में कूद पड़े हैं। मंत्री राजभर ने कहा- अखिलेश यादव को योगी की अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती स्वीकार करनी चाहिए। अगर डर लग रहा है तो जहूराबाद आकर उनसे मुकाबला कर लें। उनको एनडीए की हैसियत का पता चल जाएगा। पूरी खबर पढ़ें 12- लखनऊ में कारोबारी बेटे की मौत, मां बोली- मॉडल गर्लफ्रेंड पीटती थी लखनऊ में करोड़पति कारोबारी की मौत के मामले में मां ने गर्लफ्रेंड पर चौथी मंजिल से धक्का देने का आरोप लगाया है। 28 वर्षीय शिवा शर्मा की 9 अक्टूबर को गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे के फ्लैट से गिरकर मौत हुई थी। मां का आरोप है कि श्रद्धा बेटे को नेताओं, बड़े अफसरों और क्रिकेटरों के नाम पर डराती थी। मरते वक्त में उसे सिगरेट से दागा गया। श्रद्धा के साथ लिव-इन में रह रहा था। पूरी खबर पढ़ें 13- चित्रकूट में 70 साल की मां को पीटकर मार डाला, पत्नी संग गांव छोड़ फरार हुआ चित्रकूट में पारिवारिक विवाद में बेटे ने 70 साल की मां की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, परिवार में भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान छोटे बेटे जुगल ने मां सांवरिया देवी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पत्नी के साथ गांव से फरार हो गया। पुलिस तलाश कर रही है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- विवि ने स्टूडेंट्स के लिए बनाया हेलमेट बैंक गाजियाबाद के एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी ने स्टूडेंट्स के लिए हेलमेट बैंक बनाया है। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने इसका शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य आवश्यकता अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में विद्यार्थियों को हेलमेट उपलब्ध कराने की सुविधा प्रदान करना है, ताकि हेलमेट के अभाव में असुरक्षित यात्रा करने की स्थिति से बचा जा सके। कल क्या रहेगा खास... 15- पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट में सुनवाई 12 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने OBC आयोग की रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई थी। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User