यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:नरेंद्र मोदी के नाम पर होगा जेवर एयरपोर्ट; होमगार्ड ने पत्नी-बेटी को मार डाला; बुआ मायावती के पैर छूकर झुके रहे आकाश
आज की सबसे बड़ी खबर जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट किए जाने को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर कांशीराम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने पहुंची बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ भतीजे आकाश आनंद के नजर आने से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें... 1- पीएम मोदी के नाम से जाना जाएगा जेवर एयरपोर्ट; अग्निवीरों को 20% आरक्षण जेवर एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा। कैबिनेट की मंजूरी के बाद CM योगी ने शुक्रवार को ऐलान किया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि मंजूरी के लिए प्रस्ताव केंद्र को भेजा जाएगा। मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया- अग्निवीरों को पुलिस, परिवहन, कारागार और वन विभाग में 20% आरक्षण मिलेगा। सीधे जॉइनिंग लेटर मिलेगा। उम्र में 3 साल की छूट मिलेगी। पूरी खबर पढ़ें 2- आकाश ने मायावती के पैर छुए, 10-सेकेंड सिर झुकाए रखा, बसपा सुप्रीमो ने पीठ थपथपाई मायावती ने शुक्रवार को BSP के संस्थापक कांशीराम को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। भतीजे आकाश आनंद भी उनके साथ नजर आए। उन्होंने बुआ के पैर छुए और हाथ जोड़कर 10 सेकेंड तक सिर झुकाए रखा। मायावती ने आकाश के सिर पर हाथ रखा और पीठ थपथपाकर आशीर्वाद दिया। माफी और पार्टी में वापसी के बाद यह पहला मौका है जब आकाश बुआ के साथ दिखे। पूरी खबर पढ़ें 3- लखनऊ में होमगार्ड ने पत्नी-बेटी को मार डाला, सोते वक्त तार से गला घोंटा लखनऊ में होमगार्ड ने पत्नी और बेटी की हत्या कर दी। शुक्रवार तड़के उसने सोते वक्त तार से दोनों का गला घोंट दिया। वारदात के बाद पुलिस को फोन करके कहा- मैंने मर्डर कर दिया है। फिर थाने भी पहुंच गया। पुलिस आरोपी रविंद्र शंकर गुप्ता को लेकर पहुंची। देखा तो बेटी पूजा का शव ग्राउंड फ्लोर और पत्नी श्याम दुलारी का शव फर्स्ट फ्लोर पर था। उनके गले पर निशान थे। पूरी खबर पढ़ें 4- मेरठ समेत 8 शहरों में ओले गिरे, लखनऊ में बाढ़, पार्क-मंदिर में पानी घुसा यूपी में बारिश-ओलों के बीच बाढ़ से भी आफत है। मेरठ और बरेली समेत 7 शहरों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। मुजफ्फरनगर में बिना बारिश के मटर के दाने जितने ओले गिरे। उधर, लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार 11वें दिन बढ़ रहा है। VIP इलाकों की सड़कें डूबी हैं। लेटे हनुमान और हनुमंत धाम समेत कई मंदिरों में पानी घुसा है। रिवर फ्रंट बंद कर दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें 5- पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट में सुनवाई, बोला- OBC कमीशन ने ऑफिस में बैठकर रिपोर्ट बनाई यूपी में पंचायत चुनाव समय से कराने की मांग को लेकर सुनवाई के दौरान इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ओबीसी कमीशन की रिपोर्ट पर फटकार लगाई। कहा- ऐसा लगता है कि कमीशन ने फील्ड में जाकर नहीं बल्कि दफ्तर में बैठकर रिपोर्ट तैयार की है। कोर्ट ने कमीशन की रिपोर्ट पर कई सवाल उठाए। सभी पक्षों से जवाब दाखिल करने को कहा है। अब इसमें सोमवार को सुनवाई होगी। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- भाजपा के 8, सपा के 2 राज्यसभा उम्मीदवार जीते, नथवानी सर्टिफिकेट लेने नहीं आए यूपी में भाजपा ने 8 और सपा ने 2 राज्यसभा की सीटें जीत ली हैं। शुक्रवार को भाजपा के धर्मपाल सिंह, प्रकाश पाल, श्रुति गंगवार, विद्या सागर सोनकर और प्रियंका रावत, गोपी कृष्ण पांडे और राम प्रताप सिंह चौहान ने प्रमाण-पत्र लिए। वहीं, राधाकांत ओझा और सपा के रामगोपाल यादव की जगह प्रतिनिधि ने प्रमाण पत्र लिया। उद्योगपति धनराज नथवानी प्रमाण पत्र लेने नहीं आए। पूरी खबर पढ़ें 7- पूर्व सांसद ने सपाईयों संग गाया गाना- ये दोस्ती हम नहीं छोड़ेंगे, भाजपा से दिया था इस्तीफा भाजपा छोड़ने के बाद पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप सपा नेता डॉ.अनीस बेग की बर्थडे पार्टी में पहुंचे। सपा नेताओं के साथ हाथ उठाकर गाना गाया- 'ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे, छोड़ेंगे दम मगर तेरा साथ न छोड़ेंगे।' वह सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और सपा महानगर अध्यक्ष के बीच बैठे नजर आए। धर्मेंद्र, कश्यप समाज के कद्दावर नेता और बरेली के आंवला से 2 बार BJP सांसद रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें 8- इटावा में हेडमास्टर ने बच्चे के सिर को तबले की तरह बजाया, क्लास में मजाक बनाया इटावा के सरकारी स्कूल में सिर मुंडवाकर पहुंचे चौथी कक्षा के छात्र के सिर को हेड मास्टर ने तबले की तरह बजाया। वह क्लासरूम में बच्चों के सामने उसका मजाक उड़ाते हुए ठहाके लगाते रहे। इस दौरान दूसरे बच्चे भी हंसते रहे। वीडियो सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आरोपी हेड मास्टर को सस्पेंड कर बीईओ को जांच सौंपी है। आरोपी हेडमास्टर ने माफी मांगी है। पूरी खबर पढ़ें 9- अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव का ऐलान, 5 नवंबर को वोटिंग अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव 5 नवम्बर को होंगे। वोटिंग और काउंटिंग के बाद उसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। 2018 में आखिरी बार यहां चुनाव हुए थे। दरअसल, 19 दिनों से चुनाव के लिए छात्रों का धरना चल रहा था। प्रदेश में 2007 से ही छात्रसंघ चुनाव बंद हैं। हालांकि, 2016-18 के बीच गोरखपुर विवि और इलाहाबाद विवि में चुनाव हुए थे। पूरी खबर पढ़ें 10- भाजपा विधायक बोले-जनता SDO को घेरकर मारेगी, यह कान खोल के सुन लें सीतापुर में भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी। सामने आए वीडियो में वह महमूदाबाद के अधिशासी अभियंता से SDO पुरुषोत्तम कुमार यादव की शिकायत करते नजर आ रहे। उन्होंने कहा कि जनता बौरा गई तो अधिकारियों को रास्ता नहीं मिलेगा। जनता SDO को घेरकर मारेगी। यह कान खोल के सुन लें, उन्हें बचाना मुश्किल हो जाएगा। पूरी खबर पढ़ें 11- जौनपुर में होमगार्ड प्लाटून कमांडर ने किया रेप, बोला- मेरी पत्नी खुश नहीं रख पाती जौनपुर में होमगार्ड के प्लाटून कमांडर पर महिला ने 8 साल तक जबरन संबंध बनाने का आरोप लगाया है। बताया कि आरोपी कहता था कि मेरी पत्नी मुझे खुश नहीं रख पाती। मैं तुम्हारे साथ ही रहूंगा। आरोपी दबाव बनाकर उसकी मर्जी के बिना संबंध बनाता था। महिला ने आरोप लगाया कि वह पहली बार भी उसी की वजह से प्रेग्नेंट हुई थी। पति ने साथ रखने से इनकार कर दिया है। पूरी खबर पढ़ें 12- कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद की चेतावनी, बोले- ड्रामा नहीं चलेगा कांग्रेस के नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद ने निष्क्रिय और बहानेबाज कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी है। सामने आए उनके एक ऑडियो में वह कह रहे-अब हाउस अरेस्ट का बहाना नहीं चलेगा। जो घर से बाहर नहीं निकलेगा, वह हमेशा के लिए कांग्रेस के लिए हाउस अरेस्ट हो जाएगा। दरअसल, तमाम कांग्रेसी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आंदोलन से लापता हैं। पूरी खबर पढ़ें 13- CJP प्रोटेस्ट से पहले दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनें निरस्त, तेजस-हमसफर भी रद्द लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज सहित यूपी के विभिन्न शहरों से नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन जाने वाली अधिकतर ट्रेनें 9 और 10 अक्टूबर को रद्द कर दी गई हैं। इनमें तेजस एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस, शताब्दी, श्रम शक्ति एक्सप्रेस सहित दो दर्जन से अधिक ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों को ट्रेन का स्टेटस चेककर निकलने की सलाह दी है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- जूम से पितरों का श्राद्ध, 850 से अधिक विदेशियों ने ऑनलाइन पिंडदान किया पितृपक्ष में अब लोग जूम ऐप से जुड़कर पितरों का श्राद्ध कर रहे हैं। विदेश में रहने वाले 850 से अधिक लोगों ने ऑनलाइन जुड़कर श्राद्ध और पिंडदान कराया। इनमें मॉरीशस के मंत्री और स्विट्जरलैंड के राजदूत भी शामिल हैं। मॉरीशस और इटली में बसे करीब 250-250, जबकि इंग्लैंड में रहने वाले करीब 20 भारतीयों ने ऑनलाइन श्राद्ध कराया। कल कैसा रहेगा मौसम... 15- बारिश का अलर्ट 10 अक्टूबर को कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद सहित 8 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है। मौसम विभाग के बताया, अधिकतर शहरों में मौसम सामान्य रहेगा। कहीं-कहीं बारिश की आशंका है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)