यूपी में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू:डेंगू-मलेरिया और इंसेफेलाइटिस पर फोकस, 12 अक्टूबर से टीम घर-घर देगी दस्तक

Oct 01, 2026 - 13:15
0
यूपी में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू:डेंगू-मलेरिया और इंसेफेलाइटिस पर फोकस, 12 अक्टूबर से टीम घर-घर देगी दस्तक
लखनऊ से यूपी में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का गुरुवार को आगाज हुआ। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लोहिया संस्थान में अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए जापानी इंसेफेलाइटिस, डेंगू, मलेरिया और काला ज्वर जैसे रोगों पर नियंत्रण में सफलता मिली है। इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों में भी काफी कमी आई है। अभियान 31 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी 75 जिलों में चलेगा। इसका मकसद संचारी रोगों की रोकथाम, बचाव और इलाज पर जोर देना है। 12 अक्टूबर से दस्तक अभियान शुरू होगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी और संचारी रोगों से जुड़े मामलों की जानकारी जुटाएंगी। 2017 से चल रहा अभियान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद हुई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इसकी रोकथाम के लिए बड़ी कार्ययोजना तैयार की गई। उन्होंने कहा कि पहले मच्छरों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम को नगर विकास, ग्रामीण विकास और पंचायती राज जैसे विभागों से जुड़ा काम माना जाता था। अब स्वास्थ्य विभाग नोडल एजेंसी के तौर पर दूसरे विभागों के साथ मिलकर काम करता है। सभी विभाग मिलकर संचारी रोगों की रोकथाम के उपायों को जमीन पर लागू करते हैं। पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस बड़ी समस्या रही ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूर्वांचल, खासकर गोरखपुर और आसपास के जिलों में इंसेफेलाइटिस लंबे समय तक बड़ी समस्या रही। अभियान के जरिए इस बीमारी पर लगातार काम किया गया। उनके मुताबिक, इससे जापानी इंसेफेलाइटिस के मामलों और इससे होने वाली मौतों में काफी कमी आई है। उन्होंने कहा कि मलेरिया, डेंगू और काला ज्वर को नियंत्रित करने में भी सफलता मिली है। एक महीने चलेगा अभियान, 12 अक्टूबर से दस्तक डिप्टी सीएम ने कहा कि अभियान करीब एक महीने चलेगा। अभी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके बाद 12 अक्टूबर से घर-घर दस्तक अभियान शुरू होगा। अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों का सहयोग जरूरी है। यह सिर्फ स्वास्थ्य विभाग या 13 विभागों के प्रयास से सफल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि कई बीमारियां हमारी लापरवाही के कारण घर और शरीर तक पहुंचती हैं। मच्छर जनित रोगों के अलावा खान-पान और आसपास का वातावरण भी स्वास्थ्य पर असर डालता है। लोगों को सतर्क रहकर बीमारियों से बचाव करना होगा। घर के आसपास पानी न जमा होने दें डिप्टी सीएम ने लोगों से अपील की कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें। उन्होंने कहा कि टूटे बर्तन, पुराने टायर, खिलौने और दूसरे सामान में पानी जमा होने पर मच्छर पनप सकते हैं। घर की खिड़कियों, कूलर और ऐसी जगहों पर भी ध्यान दें, जहां पानी जमा हो सकता है। उन्होंने कहा कि डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है और दिन में ही लोगों को काटता है। इसलिए आसपास सफाई रखकर मच्छरों को पनपने से रोकना जरूरी है। मच्छर नहीं होंगे तो मच्छर जनित रोगों से भी बचाव होगा। डिप्टी सीएम ने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खान-पान और नियमित व्यायाम पर ध्यान देना चाहिए। बच्चों में बचपन से अच्छी आदतें डालने की जरूरत है। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही व्यक्ति बेहतर तरीके से काम कर सकता है और समाज की सेवा कर सकता है। डिप्टी सीएम ने कहा कि साफ-सफाई की आदत बचपन से ही डालनी चाहिए। घर और कमरे में गंदगी नहीं होनी चाहिए। ऐसी चीजों का सेवन भी नहीं करना चाहिए, जो शरीर के लिए नुकसानदायक हैं। आसपास सफाई रखकर मच्छरों को पनपने से रोकना होगा। उन्होंने कहा कि अगर अभियान में लोगों का पूरा सहयोग मिला तो डेंगू और मलेरिया जैसे रोगों को पूरी तरह खत्म करने में सफलता मिल सकती है। इसके लिए सिर्फ वैक्सीन और दवाओं पर निर्भर रहने के बजाय लोगों को खुद भी सावधानी बरतनी होगी। आसपास का वातावरण साफ रखकर मच्छर जनित रोगों पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User