10 हजार की रिश्वत के आरोप में SI निलंबित:अलीगढ़ में खैर थाने के दरोगा पर रुपये लेने का आरोप, CO की जांच रिपोर्ट पर SSP ने की कार्रवाई
खैर थाने में मुकदमों की विवेचना के दौरान एक पक्ष की एफआईआर में फाइनल रिपोर्ट (FR) लगाने और दूसरे पक्ष के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने के नाम पर 10 हजार रुपये लेने के आरोप में उपनिरीक्षक राजीव कुमार को निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी ने यह कार्रवाई सीओ खैर की जांच रिपोर्ट के आधार पर की है। निलंबन के साथ ही उपनिरीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
मामला करीब तीन महीने पुराना बताया जा रहा है। खैर थाना क्षेत्र में एक विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजीव कुमार कर रहे थे। आरोप है कि विवेचना के दौरान एक पक्ष की एफआईआर में FR लगाने और दूसरे पक्ष के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने के नाम पर उपनिरीक्षक ने 10 हजार रुपये की रिश्वत ली।
इस संबंध में एसएसपी से शिकायत की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मामले की जांच सीओ खैर को सौंपी और जांच रिपोर्ट तलब की। सीओ खैर की जांच रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर एसएसपी ने उपनिरीक्षक राजीव कुमार को प्रथमदृष्टया कर्तव्यपालन में लापरवाही और विवेचना में निष्पक्षता न बरतने के मामले में दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, निलंबित उपनिरीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी प्रचलित कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवेचना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी नीरज जादौन ने सभी अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि वे पूर्ण मनोयोग के साथ जनहित में कार्य करें। मुकदमों की विवेचना निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर की जाए। किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा कर्तव्यपालन में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)