100 में 80 हमारा, 20 में भी बंटवारा:प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव बोले, सपा के जीतने वाले कैंडिडेटों में भी फूट
प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और इंडिया ब्लॉक पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज नथवानी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर की गई तारीफ को लेकर सपा पर तंज कसा। केशव ने कहा कि सपा के समर्थन से राज्यसभा जा रहे उम्मीदवार अगर प्रधानमंत्री की 25 साल की सेवा की प्रशंसा कर रहे हैं तो इसका मतलब साफ है कि सपा के जीतने वाले कैंडिडेटों में भी फूट है। उन्होंने कहा, 100 में 80 हमारा, 20 में भी बंटवारा है। सपा उम्मीदवार ने पीएम मोदी को दी बधाई, केशव ने साधा निशाना दरअसल, राज्यसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनाए गए धनराज परिमल नथवानी ने एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उनकी तारीफ की थी। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर पीएम मोदी को बधाई दी। नथवानी ने लिखा था, 25 वर्षों का नेतृत्व। 25 वर्षों की प्रतिबद्धता। 25 वर्षों का ‘सेवा का संकल्प’। गुरुवार को प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से इसी पोस्ट को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की तारीफ करने के लिए वह धनराज नथवानी को धन्यवाद देते हैं, लेकिन इसी से समाजवादी पार्टी की स्थिति भी साफ हो रही है। ‘10 में 8 सीटें भाजपा जीत रही, 100 में 80 हमारा’ केशव प्रसाद मौर्य ने राज्यसभा चुनाव का गणित बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 10 में से 8 सीटों पर भाजपा जीत रही है। उन्होंने इसे अपने अंदाज में 100 में 80 हमारा बताया। इसके बाद उन्होंने सपा उम्मीदवार की ओर से पीएम मोदी की तारीफ को जोड़ते हुए कहा कि सपा के समर्थन से राज्यसभा जाने वाला उम्मीदवार अगर प्रधानमंत्री की 25 साल की सेवा की जय-जयकार कर रहा है तो इसका मतलब है कि बचे हुए 20 प्रतिशत में भी बंटवारा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा में जीतने वाले कैंडिडेट में भी फूट पड़ गई है। उन्होंने दावा किया कि सपा के अंदर भी सब कुछ ठीक नहीं है और राज्यसभा चुनाव के दौरान यह बात सामने आ रही है। 'कांग्रेस-सपा में नूराकुश्ती चल रही है' डिप्टी सीएम ने इंडिया ब्लॉक की बैठक को लेकर भी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। बैठक में अखिलेश यादव के नहीं पहुंचने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन बिखर चुका है। उन्होंने कांग्रेस और सपा के बीच चल रहे राजनीतिक रिश्तों पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों में “नूराकुश्ती” चल रही है। केशव ने कहा कि यह गठबंधन अब पहले जैसा नहीं रहा और उसके घटक दलों के बीच आपसी खींचतान लगातार सामने आ रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)